परमात्मा की भक्ति पुण्यशाली व्यक्ति को मिलती है-साध्वी भव्यगुणाश्री
धर्मसभा का आयोजन
बैंगलोर
Published: March 05, 2022 07:52:42 am
बेंगलूरु. चिंतामणि पाश्र्वनाथ जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ महालक्ष्मी लेआउट में विराजित साध्वी भव्यगुणाश्री व साध्वी शीतलगुणाश्री ने रत्नत्रयी महोत्सव के अंतर्गत चिंतामणि पाश्र्वनाथ महापूजन में कहा कि चिंतामणि पार्श्वनाथ सभी चिंता दु:ख दर्दों का निवारण करने वाले हैं। परमात्मा की भक्ति पुण्यशाली व्यक्ति को प्राप्त होती है। दूध में घी अलग है ये तो सभी कहते हंै, लेकिन उस दूध में से घी वही व्यक्ति निकाल सकता है जो उसे निकालने की विधि जानता है। उसी प्रकार शरीर में जीव शुद्ध है ये तो सभी कहते हैं, लेकिन उस शरीर में से जीव को भिन्न वही जान सकता है जो उसे भिन्न करने की विधि जानता है। उन्होंने कहा कि कह देने भर से, या चर्चाएं करने भर से ना तो दूध में से घी अलग हो सकता है और ना ही देह से शुद्ध जीव को भिन्न जाना जा सकता है।
इसलिए निरंतर तत्व-अभ्यास करो। साध्वी शीतलगुणाश्री ने कहा कि कर्तव्य हैवान को इन्सान बना देता है। इन्सान को भी वह एक दिन महान बना देता है। कर्तव्य की पगडण्डी पर चलता रहे मनुष्य तो,एक दिन कर्तव्य उसे भगवान बना देता है। उन्होंने कहा कि मानव अगर बुलाने पर शांत हो, कहने पर क्षमाशील बने, प्रसंग पर धैर्यवान बने, आवश्यकता पडऩे पर विशाल बने, भूमिका में संयमी बने, विचार करने पर संस्कारी बने, औचित्य पर सात्विक बने, अधिकार में प्रौढ़ बने, चारित्रिक बल मे सबका विश्वास पात्र बने। मानव मे हो परिवर्तन तो युग परिवर्तित हो सकता है। मानव यदि जाग जाए तो पाप कर्ममल धो सकता है। यदि हमें सुखी होना है तो...जीवों पर दया रखों, यह संसार पाप से भरपूर है। यहां सुख भी है और दु:ख भी है, ऐसे वैराग्यमय परिणाम रखो। विधिवत सुदेव-गुरु-शास्त्र की पूजा उपासना करो। विशुद्ध शील-सदाचार का पालन करो। इससे आपका पुण्य शुभ अनुबंध वाला बनेगा और आपका यही पुण्यानुबंधी पुण्य आपको सद्गुणी बनाकर सच्चे सुख अर्थात मोक्षसुख के महासागर तक ले जाएगा। नरेश बंबोरी ने बताया कि शनिवार को सुबह 18 अभिषेक पूजन होगा। रविवार सुबह ध्वजारोहण कार्यक्रम होगा। चिंतामणि पाश्र्वनाथ महापूजन बड़े ही हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न हुआ। रामसिंह सिसोदिया ने संगीत की रमझट मचाई।

परमात्मा की भक्ति पुण्यशाली व्यक्ति को मिलती है-साध्वी भव्यगुणाश्री
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
