गजब: जवानी में चोरी की, बुढ़ापे में गिरफ्तार हुआ
बैंगलोरPublished: Sep 13, 2023 10:07:34 pm
- भैंस की चोरी का अनूठा मामला
बेंगलूरु. बीदर पुलिस ने भैंस चुराने के आरोप में 58 साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 25 अप्रेल 1965 को टाकल गांव में एक भैंस की चोरी हो गई थी। भैंस के मालिक मुरलीधर राव ने महकर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करके महाराष्ट्र के उदयगिर गांव निवासी किशन चंद्र (30 ) और गणपति विट्ठल वाघोरे (20) को गिरफ्तार किया था। दोनों जमानत पर रिहा होने के बाद सुनवाई के लिए न्यायालय में पेश नहीं हुए। दोनों के खिलाफ वारंट भी जारी किया था। आरोपी किशन चंद्र का 11 अप्रेल 2006 को निधन हो गया। उसके खिलाफ मामला रद्द हो गया। गणपति विटठल जीवित है और वह पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था। पुलिस अधीक्षक एस.एल.चन्नबसण्णा ने पुराने लंबित मामलों की जांच करने के लिए थाने के पुलिस निरीक्षक शिवकुमार के नेतृत्व में एक विशेष दल गठित किया था। इस दल ने पुराने मामले की जांच करते हुए गणपति के महाराष्ट्र के टाकल में होने का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया। चोरी के समय उसकी उम्र 22 साल थी और आज 80 साल का वृद्ध है।