बैंगलोर

कर्नाटक कैबिनेट में दो मंत्री शामिल

आर.शंकर और एच. नागेश को राज्यपाल वजुभाई वाळा ने दिलाई शपथ

बैंगलोरJun 14, 2019 / 05:08 pm

Rajendra Vyas

कर्नाटक मंत्रिमंडल में दो मंत्री शामिल

बेंगलूरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल में दो निर्दलीय विधायकों आर.शंकर और एच. नागेश को मंत्रियों के रूप में शामिल कर लिया। राज्यपाल वजुभाई वाळा ने राजभवन के ग्लास हाउस में आयोजित समारोह में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई। आर.शंकर रानीबेन्नूर से और एच. नागेश मुलबागल से विधायक हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के अलावा उप-मुख्यमंत्री डॉ. जी परमेश्वर भी उपस्थिति थे।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरामय्या, गृह मंत्री एम.बी. पाटिल, कांग्रेस और जनता दल(एस) के अनेक नेता भी शामिल हुए। शपथ ग्रहण करने वाले नए मंत्रियों के रिश्तेदारों और समर्थकों ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया।
पहली बार विधायक बने शंकर महज सात महीने में दूसरी बार कुमारस्वामी सरकार में मंत्री बने हैं। जून 2018 में जब कुमारस्वामी ने अपना मंत्रिमंडल बनाया, तो उन्हें शामिल किया था और उन्हें वन मंत्री का पद मिला था। लेकिन दिसंबर 2018 में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान उन्हें हटा दिया गया था। उन्होंने पूर्व विधान सभा अध्यक्ष और कांग्रेस के के.बी. कोलीवाड़ को हराया था।
दूसरे मंत्री एच.नागेश भी पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले वे केपीटीसीएल के निदेशक रहे चुके हैं। उन्हें जल संसाधन मंत्री डी.के. शिवकुमार का नजदीकी माना जाता है।
राज्य के 34 सदस्यीय मंत्रिमंडल में कांग्रेस और जनता दल(एस) के पास क्रमश: 22 और 12 पद हैं। शुक्रवार को हुए फेरबदल के बाद अब मंत्रिमंडल में केवल एक पद खाली है, जो जनता दल(एस) कोटे से है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.