scriptकेंद्रीय मंत्री को फोन पर जान से मारने की धमकी | Union minister threatens to kill life on phone | Patrika News

केंद्रीय मंत्री को फोन पर जान से मारने की धमकी

locationबैंगलोरPublished: Feb 19, 2019 12:46:47 am

केंद्रीय कौशल विकास मंत्री अनंत कुमार हेगड़े को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। सिरसी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज की गई है।

केंद्रीय मंत्री को फोन पर जान से मारने की धमकी

केंद्रीय मंत्री को फोन पर जान से मारने की धमकी

कारवार/ बेंगलूरु. केंद्रीय कौशल विकास मंत्री अनंत कुमार हेगड़े को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जान से मारने की धमकी दी है। सिरसी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सिरसी स्थित अनंत कुमार हेगड़े के घर किसी अज्ञात व्यक्ति ने लैंडलाइन फोन पर कॉल किया। हेगड़े उस समय घर पर नहीं थे। वे पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सैनिक के परिजनों को सांत्वना देने तमिलनाडु गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी रूपा हेगड़े मौजूद थीं।


जब रूपा हेगड़े ने कॉल अटैंड की, तो दूसरी ओर से कॉल करने वाले व्यक्ति ने हिंदी में अनाप-शनाप बातें कहनी शुरू कर दीं। कॉल करने वाले ने कहा कि यदि अनंत कुमार एक समुदाय विशेष को निशाना बनाकर विवादास्पद बयान देंगे तो उन्हें और उनके पूरे परिवार को इसके घातक परिणाम भुगतने होंगे। कॉल करने वाले ने अयोध्या मसले आदि का उल्लेख करते हुए कई बातें कहीं। इस पर रूपा हेगड़े ने कॉल काट दिया तो वह व्यक्ति बार-बार कॉल करता रहा।


बताया गया है कि कॉलर की धमकियों से घबराई श्रीमती हेगड़े ने इस बात की सूचना फौरन मंत्री के निजी सचिव सुरेश शेट्टी को दी। सुरेश शेट्टी ने इस संबंध में सिरसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गौरतलब है कि अपने विवादास्पद बयानों के कारण लगातार सुर्खियों में बने रहने वाले अनंत कुमार हेगड़े को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकी भरे कॉल आ चुके हैं।

हत्या मामले में दो लोगों से पूछताछ
बेंगलूरु. केंगेरी पुलिस भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचइएल) की महिला कर्मचारी अनुशा (३२) की हत्या के मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार को केंगेरी के सन सिटी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अनुशा का गला घोंंट कर हत्या की गई थी। भूखंड के विवाद के चलते अनुशा की हत्या किए जाने की आशंका है। बिड़दी में अनुशा के नाम भूमि है। इस भूमि को लेकर अनुशा की बहन और बहनोई विवेक प्रकाश में झगड़ा होता था।


दोनों पर ही अनुशा की हत्या किए जाने का संदेह होने पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अनुशा ने गत वर्ष सनत कुमार से प्रेम विवाह किया था। सनत कुमार ने ही केंगेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो