जीतो महिला विंग का किया विधान सौधा दौरा
शिल्प कला देख अभिभूत हुई सदस्याएं
बैंगलोर
Published: June 22, 2022 08:00:24 am
बेंगलूरु. कर्नाटक राज्य विधायिका कैसे कार्य करती है, विधानसौधा पर्यटन स्थल कैसे है एवं विधानसौधा में वास्तव में क्या होता है। जैसे महत्वपूर्ण प्रश्नो के समाधान एवं उत्साह को लेकर जीतो बेंगलूरु महिला विंग सदस्यों ने मंजिले योजना के अंतर्गत विधानसौधा का दौरा किया। विधानसौधा के असेम्बली हॉल से दौरे की शुरुआत हुई। जीतो महिला विंग अध्यक्ष पिंकी जैन ने कहा कि बेंगलूरु स्थित विधानसौधा पूरे भारत में सबसे बड़ा होने के साथ-साथ शिल्पकला का एक अनूठा उदाहरण भी है, हमारा विधानसौधा हमारे लिए गौरव का विषय है।
टीम का मार्गदर्शन विधानसौधा के संसदीय गाइड ज्ञानशेखर ने किया। उन्होंने महिला सदस्यों को असेंबली व काउंसिल के क्रिया-कलापों, काम करने का ढंग, किए जाने वाले कार्यों, सत्ता पक्ष व विपक्षी सदस्यों के बैठने के स्थान, असेंबली अध्यक्ष व काउंसिल चेयरमैन, सदन में रखे जाने वाले बिलों के पेश करने के तरीके, बिलों पर होने वाली बहस, असेंबली व काउंसिल की कार्यवाही तथा संसदीय कार्यों की सिलसिलेवार जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पर्यटन के लिहाज से तथा अनूठे शिल्पकला के रूप में प्रसिद्ध इस विधान सौधा का निर्माण 1952 में हुआ। उन्होंने कहा कि लोवर हाउस में 12 महिला सदस्याओं का प्रतिनिधित्व है। ज्ञानशेखर ने सोनल, पूजा जैन, सुषमा जैन, नीतू श्रीश्रीमाल, सोनम मूथा, हंसा, जस्सु बडोला, अंजली जैन, नरेंद्र, रिंकु, मोनिका पिरगल, ट्विंकल शाह, रेखा गांधी के प्रश्नों का समाधान पूर्वक उत्तर दिया।
असेंबली के मुख्य सुरक्षा अधिकारी जयकृष्णा ने सदन के प्रोटोकोल का पूर्ण विवरण दिया। काउंसिल के मुख्य सुरक्षा अधिकारी गोपाल रेड्डी ने योग दिवस की बधाई दी। जीतो बेंगलूरु के अध्यक्ष अशोक नागोरी व महामंत्री महेश नाहर ने विधान सौधा दौरे पर महिला विंग को शुभकामना दी। संयोजक भारती तलेसरा ने सरकारी औपचारिकता पूर्ण करवाने के लिए जीतो सदस्य सुशील तलेसरा व मार्गदर्शन के लिए सुरक्षा मार्शल संतोष कुमार एवं शिवकुमार का आभार जताया। सह संयोजक दीपमाला जैन के अनुसार 250 सदस्यों ने इस दौरे में भाग लिया। इस अवसर पर जीतो सचिव दिलीप जैन ने व्यवस्था के लिए सदन के अधिकारियों को धन्यवाद दिया। जीतो मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ बोहरा ने बताया कि विधानसौधा के 70 वर्षों के इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में प्रथम बार किसी दल ने सामूहिक रूप से दौरा किया। इस अवसर पर महिला विंग कार्यकारिणी सदस्यों के साथ साथ संयुक्त सचिव शोभा कुहाड व कोषाध्यक्ष चित्रा मेहता उपस्थित थीं।

जीतो महिला विंग का किया विधान सौधा दौरा
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
