scriptआम के साथ खास लोगों ने भी किया मतदान | Voted special people with mango | Patrika News

आम के साथ खास लोगों ने भी किया मतदान

locationबैंगलोरPublished: May 13, 2018 05:19:34 pm

Submitted by:

Ram Naresh Gautam

मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने मैसूरु जिले के वरुणा विधानसभा के सिद्धरामय्यनहुंडी गांव में मतदान किया

puneeth rajkumar
बेंगलूरु. विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को आमजनों के साथ-पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या, गृहमंत्री रामलिंगा रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येड्डियूरप्पा, प्रदेश जनता दल (ध) के अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष डॉ.जी परमेश्वर,पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कई जानी-मानी हस्तियों ने मतदान कर गणतंत्र का दायित्व निभाया।
पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी.देवेगौड़ा ने पत्नी चन्नम्मा तथा पुत्र एचडी रेवण्णा और पौत्र प्रज्वल रेवण्णा के साथ हासन जिले के होलेनरसीपुरा विधानसभा क्षेत्र के पडूवलहिप्पे गांव में मतदान किया। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने मैसूरु जिले के वरुणा विधानसभा के सिद्धरामय्यनहुंडी गांव में मतदान किया। यहां उनके पुत्र डॉ यतिंद्र चुनाव लड़ रहें है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बी.एस.येड्डियूरप्पा ने शिवमोग्गा जिले के तहसील मुख्यालय शिकारीपुर में मतदान किया। प्रदेश जनता दल (ध) के अध्यक्ष एच.डी.कुमारस्वामी ने पत्नी अनिता कुमारस्वामी के साथ बिड़दी के निकट केतगनहल्ली मतदान केंद्र में वोट डाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ जी.परमेश्वर ने तुमकूरु जिले के तहसील मुख्यालय कोरटगेरे में मतदान किया। गृहमंत्री रामलिंगा रेड्डी ने पत्नी तथा पुत्री के साथ शहर के बीटीएम ले आउट विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया।
ऊर्जा मंत्री डी.के.शिवकुमार ने परिजनों के साथ कनकपुर तहसील के दोड्डहालहल्ली गांव में मतदान किया। केंद्रीय मंत्री अनंतकुमार ने पत्नी तथा पुत्री के साथ बसवनगुडी क्षेत्र के वासवी विद्यनिकेतन में मतदान किया। केंद्रीय मंत्री डी.वी.सदानंदगौडा ने सहकारनगर में मतदान किया। सांसद शोभा करंदलाजे ने सदाशिवनगर के डॉलर्स कॉलोनी में स्थापित पिंक बूथ में मतदान किया। सांसद पी.सी.मोहन ने बनशंकरी बीडीए कॉम्प्लेक्स के मतदान केंद्र में परिजनों के साथ मतदान किया।
राज्यसभा सदस्य राजीव चंद्रशेखर ने पत्नी के साथ सदाशिव नगर में मतदान किया। फिल्म अभिनेत्री बी.सरोजादेवी, लीलावती, फिल्म अभिनेता शिवराज कुमार, राघवेंद्र राजकुमार, रमेश अरविंद, पुनीत राजकुमार, उपेंद्र, यश, ने सुबह 9 बजे से पहले ही मतदान केंद्र पहुंच कर मतदान किया। सुत्तूर मठ के प्रमुख डॉ शिवरात्री देशिकेंद्र ने सुबह 7 बजे जेएसएस कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्र में मतदान का दायित्व निभाया। लिंगायत समुदाय की प्रमुख माते महादेवी ने ह्वील चेयर पर आकर राजाजी नगर विधानसभा क्षेत्र में मतदान किया।
दक्षिण कन्नड़ जिले के बेलतंगडी तहसील के आंदिगे गांव में मतदान केंद्र की ओर जा रहे अन्ने आचार्य (70) की दिल का दौरा पडऩे से मौत हो गई। हासन जिले में भी मतदान के पश्चात दो महिलाओं की मौत हो गई।हासन जिले के हरहल्ली मतदान केंद्र में अकेली पहुंची 100 वर्षीय लक्ष्मम्मा ने उत्साह के साथ मतदान किया।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो