बैंगलोर

क्यों संघ ने कहा, भाजपा अध्यक्ष के चयन से हमारा कोई लेना-देना नहीं

अभिनेता कमल हासन की ओर से नथुराम गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी करार देने को लेकर पूछे सवाल पर…

बैंगलोरMay 16, 2019 / 04:24 pm

Ram Naresh Gautam

क्यों संघ ने कहा, भाजपा अध्यक्ष के चयन से हमारा कोई लेना-देना नहीं

मैसूरु. राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (आरएसएस) के संयोजक प्रभाकर भट कल्डका ने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के चुनाव में ना तो संघ कोई सुझाव देगा और ना ही उसका कोई हस्तक्षेप होगा।
मैसूरु में बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए किसका चयन करना यह संघ का नहीं बल्कि भाजपा नेताओं का काम है।

भाजपा के मामलों में संघ ने कभी हस्तक्षेप नहीं किया है। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद के लिए संघ का कोई भी नेता दावेदार नहीं है और ना ही संघ किसी को इसके लिए नामित करेगा।
भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व यह तय करेगा। प्रदेश की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच का आपसी मतभेद चरम पर है और 23 मई के लोकसभा चुनावों के परिणाम आने के बाद सरकार गिर जाएगी।
उन्होंने कोलकाता में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान भड़की हिंसा को लेकर पूछे सवाल के जवाब में कहा कि देश के सभी राज्यों में शांति पूर्ण चुनाव हो रहा है। केवल पश्चिम बंगाल में ही ऐसे हालात पैदा हो रहे हैं।
इस बात को लेकर सभी दलों के नेताओं को चिंतन-मंथन करना होगा। गणतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। देश के सभी राजनीतिक दलों को इसकी निंदा करनी चाहिए।

अभिनेता कमल हासन की ओर से नथुराम गोडसे को पहला हिंदू आतंकवादी करार देने को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में हर रोज कोई ना कोई व्यक्ति बयान जारी करते रहता है। ऐसे हर बयान को लेकर प्रतिक्रिया देना संभव नहीं है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य में वर्ष 2018 के चुनाव में सबसे अधिक 104 सीटें जीतन ेवाली भाजपा विपक्ष में बैठी है।

उसके पश्चात 76 क्षेत्रों में जीत हासिल करनेवाली कांग्रेस का नेता उपमुख्यमंत्री बना है और सबसे कम 37 क्षेत्रों में जीत हासिल करनेवाला जद-एस का नेता मुख्यमंत्री पद संभाल रहा है।
क्या यह जनादेश का सरासर अपमान नहीं है? राज्य के 70 वर्ष के इतिहास में पहली बार ऐसा महसूस किया जा रहा है कि राज्य में कोई सरकार ही नहीं है।

Home / Bangalore / क्यों संघ ने कहा, भाजपा अध्यक्ष के चयन से हमारा कोई लेना-देना नहीं

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.