scriptयेडियूरप्पा कैबिनेट का गठन 20 को | Yeddyurappa cabinet formed on 20 | Patrika News

येडियूरप्पा कैबिनेट का गठन 20 को

locationबैंगलोरPublished: Aug 17, 2019 09:38:55 pm

Submitted by:

Rajendra Vyas

-आलाकमान से मिली हरी झंडी-विधायक दल की बैठक के बाद शपथ लेंगे नए मंत्री

cabinet

येडियूरप्पा कैबिनेट का गठन 20 को

बेंगलूरु. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 25 दिन बाद 20 अगस्त को बीएस येडियूरप्पा अपनी कैबिनेट का गठन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ परामर्श के बाद येडियूरप्पा ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से उन्हें कैबिनेट गठन की हरी झंडी मिल गई है।
माना जा रहा है कि येडियूरप्पा अपनी कैबिनेट में लगभग 20 से 21 मंत्रियों को शामिल करेंगे, जिसमें बेंगलूरु शहर को भी अच्छा प्रतिनिधित्व मिलने की उम्मीद है। मंत्रियों की सूची इस तरह तैयार की गई है कि लिंगायत, वोक्कालिगा, कुरुबा और दलित समेत हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके। भाजपा की पूर्ववर्ती सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे आर.अशोक और ईश्वरप्पा के अलावा गोविंद कारजोल, मधुस्वामी, बी.श्रीरामुलू, अरविंद लिंबावली, उमेश कत्ती आदि के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री येडियूरप्पा ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर कहा कि ‘मंगलवार (20 अगस्त) सुबह 10 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक विधानसभा के सम्मेलन कक्ष में होगी। उसी दिन दोपहर बाद कैबिनेट का विस्तार भी होगा।’ इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की और कैबिनेट गठन पर विचार विमर्श किया।
इससे पहले कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन सरकार के पतन और भाजपा सरकार के गठन से लेकर अब तक मुख्यमंत्री येडियूरप्पा अकेले ही पूरी कैबिनेट थे और कई महत्वपूर्ण फैसले किए। उन्होंने 26 जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 31 जुलाई से पहले मंत्रिमंडल गठन की योजना बनाई थी। लेकिन, जुलाई के अंत में उनका प्रस्तावित दिल्ली दौरा स्थगित हुआ और दूसरी बार जब दिल्ली गए तो राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भेंट नहीं हो सकी। इसके बाद राज्य बाढ़ की चपेट में आ गया और मंत्रिमंडल विस्तार फिर से टलता रहा।
पिछले तीन दिन से दिल्ली में डेरा जमाए येडियूरप्पा मंत्रियों की सूची लेकर पहुंचे थे जिस पर आलाकमान ने मुहर लगा दी। मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य नेताओं के साथ भी शिष्टाचार के नाते भेंट की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो