बैंगलोर

येड्डियूरप्पा ने स्वच्छ, दक्ष व ईमानदार शासन का किया वादा

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने किया विजयनगर के बीजीएस स्टेडियम में भाजपा की परिवर्तन यात्रा रैली को संबोधित

बैंगलोरJan 19, 2018 / 08:52 pm

Sanjay Kumar Kareer

बेंगलूरु. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येड्डियूरप्पा ने प्रदेश सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि वे भाजपा के सत्ता में आने पर स्वच्छ, दक्ष व ईमानदार शासन देने का भरोसा दिलाते हैं।
येड्डियूरप्पा ने रविवार को विजयनगर के बीजीएस स्टेडियम में भाजपा की परिवर्तन यात्रा रैली में कहा कि राज्य को दिवालियेपन के कगार पर पहुंचाने वाले मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या बिना किसी अनुदान वाली परियोजनाओं के शिलान्यास कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री केजे जार्ज की शह पर दूसरे राज्यों के फर्जी लोगों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल कराने का सुनियोजित षड्यंंत्र चल रहा है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर कम से कम 70-80 वोट भाजपा के पक्ष में डलवाने का कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि इससे भाजपा को बेंगलूरु की सभी 28 सीटों पर जीत हासिल होगी।
केंद्रीय रसायन उर्वरक मंत्री अनंत कमार ने प्रदेश सरकार पर केंद्रीय योजनाओं व कार्यक्रमों के लिए आवंटित कोष का मात्र दस फीसदी खर्च करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के स्लो मोशन में चलने से राज्य में विकास की गति थम गई है। सिद्धरामय्या ने प्रदेश की विकास गति को रिवर्स गीयर में डाल दिया है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस शहर को कचरे व सड़कों पर गड्ढे वाले शहर में तब्दील कर दिया है। यह शहर क्राइम सिटी के तौर पर बदनाम हो गया है। बेंगलूरु के गार्डन सिटी का दर्जा फिर से दिलाने के लिए कांग्रेस की सरकार का जाना व भाजपा की सरकार की सत्ता में वापसी तय करनी होगी। भाजपा देश में हर जगह है और कांग्रेस कहीं नहीं है।
विधानसभा में विपक्ष के नेता जगदीश शेट्टर ने कहा कि राज्य में प्रशासन ठप पड़ा है और चारों तरफ भ्रष्टाचार व अराजकता का बोलबाला है। न्यायाधीश केम्पण्णा आयोग की रिपोर्ट दबाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट उजागर होते ही सिद्धरामय्या का असली चेहरा जनता के सामने आ जाएगा।
विधान परिषद में विपक्ष के नेता केएस ईश्वरप्पा ने आरोप लगाया कि राज्य के अवैध कसाईखानों मे रोज २ लाख गायें काटी जा रही हैं। यदि सिद्धरामय्या वास्तव में हिंदू हैं तो वे राज्य में लव जेहाद बंद क्यों नहीं करवा रहे हैं। पीएफआई तथा एसडीपीआई जैसे कट्टरपंथी संगठनों पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जा रहा। सांसद शोभा करंदलाजे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। रैली के आयोजक व विधान परिषद सदस्य वी.सोमण्णा ने स्वागत भाषण दिया।
 

Home / Bangalore / येड्डियूरप्पा ने स्वच्छ, दक्ष व ईमानदार शासन का किया वादा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.