बांसवाड़ा. शहर में तेजी के साथ अपने पैर पसार रहे देह व्यापार के लिए ब्रोकरों एवं ग्राहकों की ओर से नकद राशि के साथ पेटीएम का भी सहारा लिया जा रहा है। इसमें कुछ लोगों के साथ ठगी की वारदातें भी हुई हैं। पड़ताल के दौरान शुक्रवार को कुछ और रिकॉर्डिंग एवं पेटीएम के स्क्रीन शॉट सामने आए। इनमें एक ग्राहक ने ब्रोकर को तीन हजार 500 रुपए का पेटीएम किया। इसके बाद युवती को किसी होटल में भेजने की बातें सामने आई। इसके अलावा युवती को उसके पास नहीं भेजने पर कारोबार का भण्डाफोड़ करने की रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई है।
जानकारों के अनुसार देह व्यापार में सीधे वॉइस कॉल नहीं करके आवाज को रिकॉर्ड कर भेजना एवं नकद के बजाय पेटीएम करना पुुलिस कार्रवाई से बचने की जुगत है, लेकिन आरोपियों का यह खेल ज्यादा दिन तक नहीं चल सका। जैसे ही सौदा नहीं बना तो पूरे खेल का भण्डाफोड़ हो गया। इधर, शहर में बड़े स्तर पर संचालित देह व्यापार तक अभी पुलिस के हाथ नहीं पहुंचे हैं। पुलिस ने इस ओर अपना अनुसंधान भी शुरू नहीं किया है। इससे देह व्यापार में लिप्त आरोपियों के हौसले बुलंद बने हुए हैं।