बांसवाड़ा

Video : कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य रघुवीर मीणा बोले- भामाशाह योजना बड़ा भ्रष्टाचार, सरकार बनने के बाद कराएंगे जांच

www.patrika.com/rajasthan-news

बांसवाड़ाAug 03, 2018 / 12:15 pm

Ashish vajpayee

Video : कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य रघुवीर मीणा बोले- भामाशाह योजना बड़ा भ्रष्टाचार, सरकार बनने के बाद कराएंगे जांच

बांसवाड़ा. अखिल भारतीय कांगे्रस कार्यसमिति सदस्य रघुवीर मीणा ने कहा है कि प्रदेश में भामशाह योजना बहुत बड़ा भ्रष्टाचार है। आने वाले चुनाव में कांगे्रस की सरकार बनी तो इसकी जांच कराएंगे। भाजपा सरकार ने कांगे्रस की अशोक गहलोत सरकार की योजनाएं बंद कर दी। मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों में किया कुछ नहीं और अब सुराज गौरव यात्रा लेकर निकलने वाली हैं। मीणा कांगे्रस कमेटी कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री ने जनता से जो वादे किए, उन्हें भूल गए। उनके भाषण झूठे हैं। आज जनता महंगाई से त्रस्त है। भाजपा साम, दाम, दंड, भेद की नीति से वापस सत्ता हथियाना चाहती है। एेसे में कार्यकर्ता पार्टी को ताकत दें और समर्पित भाव से जुटें। यदि राज नहीं रहेगा तो कोई पूछने वाला नहीं होगा।
कलक्टर राजा नहीं है…
पूर्व विधायक अर्जुनसिंह बामनिया ने बुधवार को कांगे्रस के प्रदर्शन और कार्यकर्ताओं के साथ किए व्यवहार पर कलक्टर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कलक्टर को जनता को रोकने का कोई हक नहीं है। उसे जनता के टैक्स से वेतन मिलता है। वह राजा नहीं है। जनता के हक की आवाज उठाने के लिए कांगे्रस का हर कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के साथ है। मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान विरोध करना है तो वे तैयार हैं। पार्टी और कार्यकर्ता पर कोई आंच नहीं आने देंगे।
इन्होंने भी किया संबोधित
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष चांदमल जैन, पूर्व विधायक कांता भील, रमेश पंड्या, पूर्व संसदीय सचिव नानालाल निनामा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश सचिव जैनेन्द्र त्रिवेदी, जिला प्रमुख रेशम मालवीया सहित ब्लॉक और जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इससे पहले उदयपुर मार्ग स्थित डायमंड सर्किल से कांगे्रस कार्यालय तक कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकाली। संचालन मनीषदेव जोशी ने किया। आभार हरीश पंचाल ने व्यक्त किया।
रात में भाजपा के साथ, दिन में कांगे्रसी
बागीदौरा विधायक महेंद्रजीतसिंह मालवीया ने कहा कि मोहनलाल सुखाडि़या, हरिदेव जोशी जैसे लोगों ने पार्टी की मजबूत नींव रखी, जिस पर हम कंगूरे बनकर खड़े हैं। आने वाले चुनाव में हर किसी को टिकट चाहिए। कुछ लोग तो पार्टी में एेसे हैं, जो रात में जीतमल खांट के पास जाते हैं और दिन में कहते हैं कि हम कांगे्रसी हैं। एेसे लोग विधायक बनना चाहते हैं। उन्होंने पार्टी को मजाक में नहीं लेने की नसीहत देते हुए कहा कि हमें अपने स्वार्थ को छोडऩा होगा। आज व्हाट्सएप पर एक संदेश पर हम एकत्र हो गए, लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता को राहुल गांधी, सोनिया गांधी, सचिन पायलट और अशोक गहलोत जैसा बनना होगा। आज वातावरण कांगे्रस के पक्ष में है तो यह संकल्प लें कि पार्टी जो निर्देश देगी, उसे पूरा करेंगे। राजस्थान में सत्ता परिवर्तन देश में संदेश देगा कि अब बदलाव होना तय है। मालवीया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश को दिवालिया बनाने पर तुली हुई है। जनता को लूटने के बाद अब गौरव यात्रा निकाली जा रही है।
दावेदारी भी रखी, विरोध भी
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा चुनाव में टिकट की चाह रखने वालों ने दावेदारी भी रखी। वहीं कुछ नाम सुर्खियों में रहने पर विरोध भी व्यक्त किया। गढ़ी विधानसभा क्षेत्र से आए पूनमचंद बामनिया और अन्य ने मीणा को पत्र देते हुए कहा कि इस बार क्षेत्र को नया प्रत्याशी मिले। गत चुनाव के बाद से हुए सभी चुनाव हारे हैं। इस बार टिकट नहीं बदला तो पार्टी की जीत संभव नहीं है। वहीं परतुसिंह निनामा व अन्य ने छोटी सरवन-दानपुर क्षेत्र से टिकट देने की बात कही और कहा कि क्षेत्र को पार्टी की ओर से प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.