scriptअचानक चलती बस का टायर फटा, खाई में गिरकर पेड़ पर अटकी, बस में सवार थे 25 लोग | bus accident in banswara rajasthan | Patrika News

अचानक चलती बस का टायर फटा, खाई में गिरकर पेड़ पर अटकी, बस में सवार थे 25 लोग

locationबांसवाड़ाPublished: Jul 20, 2022 02:21:23 pm

Submitted by:

santosh

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में श्रमिकों से भरी एक चलती बस का टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस पलटी खाकर खाई में जा गिरी बस में 25 लोग सवार थे।

bus_accident.jpg

राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में बुधवार सवेरे श्रमिकों से भरी एक चलती बस का टायर फट गया। टायर फटने के बाद बस पलटी खाकर खाई में जा गिरी और पेड़ों से जा टकराई। जानकारी के अनुसार, आरएसडब्ल्यूएम मिल से श्रमिक रात की शिफ्ट पूरी कर अपने घर लौट रहे थे। उसी समय लोहारिया थाना क्षेत्र के सुन्दनी गांव में यह हादसा हो गया। हादसे में 24 श्रमिक घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मिल के उप-महाप्रबंधक मनोज शाह ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, जो घायल हैं उनका बेहतर उपचार कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सुबह बस मिल से मजदूरों को लेकर रवाना हुई। रास्ते में सुन्दनी ग्राम पंचायत के निकट तालाब किनारे बस हादसे का शिकार हो गई। सभी घायल मजदूर आसपास के गांव के ही रहने वाले हैं। हादसे होने के बाद चीख पुकार मच गई। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और श्रमिकों को बस से निकाला। ग्रामीणों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी संसाधनों से और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, जहां पर उनका इलाज जारी है।

हादसे में घायल एक श्रमिक के अनुसार तालाब के पास अचानक बस का टायर फट गया। इसके बाद बस चालक संतुलन खो बैठा और बस पलटी खाकर नीचे खाई में जाकर गिरी और पेड़ों से जा टकराई। हादसे में बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि यह बस खाई में गिरने के बाद पेड़ पर अटक गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ट्रेंडिंग वीडियो