बांसवाड़ा : पेट्रोल-डीजल का हाहाकार, कांग्रेस ऊंटगाड़ी पर सवार
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस ने किया धरना प्रदर्शन

बांसवाड़ा. पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर बुधवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ऊंटगाड़ी पर सवार हो कलक्ट्री पहुंचे पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया और दाम घटाने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चांदमल जैन के नेतृत्व में मोदी सरकार की नीतियों के विरोध की तख्ती लिए तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता इस धरना प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की और महंगाई को नियंत्रित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलक्ट्री चौराहे पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। कांग्रेसी ऊंटगाड़ी लेकर कलक्ट्री चौराहा पहुंचे। कांग्रेसियों का कहना था कि चूंकि पेट्रोल-डीजल महंगा होकर आमजन की पहुंच से दूर होता जा रहा है, इसलिए ऊंटगाड़ी लेकर निकले हैं।
यह लोगों को लूटने जैसा
पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर प्रदेश सचिव अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ाना जनता को लूटने सरीखा है। कांग्रेस के शासन में कच्चे तेल का दाम आज की तुलना में प्रति बैरल अधिक था। इसके बावजूद दाम कभी भी क्रमश:70 और 53 रुपए प्रतिलीटर से ज्यादा नहीं हुआ। आज जब कच्चे तेल का दाम प्रति बैरल कम है, तब भाव ज्यादा हैं और लोगों को कम कीमतों का फायदा नहीं मिल रहा। इस दौरान जिला प्रमुख रेशम मालवीया, पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट इमरान खान पठान, कांता भील, जैनेंद्र त्रिवेदी, प्रधान राजेश कटारा, प्रधान सुभाष तंबोलिया आदि ने संबोधित किया। इस दौरान मनीष देव जोशी, नटवर तेली, शांता गरासिया जिला कार्यकारिणी क्रमश: कमला शंकर मईड़ा, नवाब फौजदार, भालचंद्र नागर, शामदाद खान, अजय नागर, डॉ. एलसी मईड़ा आदि उपस्थित रहे।
मनरेगा कार्मिकों का धरना जारी
ठीकरिया. मनरेगा कार्मिक संघ बांसवाड़ा की हड़ताल 23 वें दिन भी जारी रही। कार्मिकों ने कलक्ट्रेट चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया। कार्मिकों ने बताया कि कई मांगें 2013 से लम्बित चल रही है। इस दौरान जिलाध्यक्ष अमित दिक्षित, जितेश पटेल, रूपजी पटेल, धर्मवीर सिंह, दिलीपसिंह, मनोज द्विवेदी, दिलीप पीपलोद, दीपक त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
अब पाइए अपने शहर ( Banswara News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज