27 से बांसवाड़ा की यात्रा पर रहेंगे दाउदी बोहरा समाज के धर्मगुरु, समाजजनों ने
कलक्टर से की यातायात व सुरक्षा व्यवस्था कराने की गुजारिश
बांसवाड़ाPublished: Feb 21, 2019 02:45:32 pm
www.patrika.com/banswara-news
27 से बांसवाड़ा की यात्रा पर रहेंगे दाउदी बोहरा समाज के धर्मगुरु, समाजजनों ने कलक्टर से की यातायात व सुरक्षा व्यवस्था कराने की गुजारिश
बांसवाड़ा/कुशलगढ़. दाउदी बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफदल सैफुद्दीन 27 फरवरी से 1 मार्च तक जिले की यात्रा पर आएंगे। छोटा डूंगरा व कुशलगढ़ में उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों के मद्देनजर बुधवार को कुशलगढ़ के जनप्रतिनिधियों और दाउदी बोहरा जमात के पदाधिकारियों ने कलक्टर से मिलकर यातायात व सुरक्षा व्यवस्था कराने का आग्रह किया। कुशलगढ़ क्षेत्र की विधायक रमीला खडिय़ा, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा जोशी, नेता प्रतिपक्ष रजनीकांत खाब्या, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीतेश बैरागी और बोहरा समाज के शेख फखरुद्दीन, पार्षद केजार समितिवाला, हातिमभाई कामदार, कलीमभाई ने इसे लेकर कलक्टर को ज्ञापन भी दिया। इसमें बताया कि यात्रा का मार्ग छोटा डूंगरा से कुशलगढ़ है। वर्तमान में चुड़ादा से वाया खेटाबारी होकर छोटा डूंगरा तक क्षतिग्रस्त सडक़ का कार्य भी चल रहा है, जिसके चलते यातायात सुचारू रहने में परेशानी आ सकती है। धर्मगुरु की यात्रा के साथ उनके अनुयायियों के वाहनों का आना भी प्रस्तावित है। ऐसे में इस मार्ग पर यात्रा के दौरान यातायात सुचारू एवं सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। पदाधिकारियों ने सुरक्षा के लिए पुलिस जाप्ता तैनात करने की मांग की है।