बांसवाड़ा

बांसवाड़ा : बाइक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के घर शव रखकर मांगा मौताणा, ढाई लाख में समझौता

www.patrika.com/banswara-news

बांसवाड़ाAug 30, 2018 / 11:49 am

Ashish vajpayee

बांसवाड़ा : बाइक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के घर शव रखकर मांगा मौताणा, ढाई लाख में समझौता

बांसवाड़ा. कुशलगढ़. कुशलगढ़ थाना इलाके के टिमेड़ा मार्ग पर दो दिन पूर्व एक बाइक की चपेट में आने से घायल युवक की मंगलवार को उदयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। दूसरे दिन बुधवार सुबह मौताणे की मांग को लेकर परिजनों ने चालक से मारपीट कर शव उसके घर रख दिया और टिमेड़ा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे करीब एक घंटे आवागमन ठप रहा और हंगामे एवं विवाद की स्थिति बनी रही। पुलिस ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के आगे पुलिस की एक न चली। ढाई लाख मौताणा तय होने के बाद पूरा विवाद शांत हुआ। इससे पूर्व ग्रामीण हंगामा करते रहे।
जानकारी के अनुसार झीकली निवासी रणजीत पुत्र धनजी कटारा सोमवार शाम को टीमेड़ा गांव से अपने घर झीकली जा रहा था कि रास्ते में कणजपाड़ा गांव में बाइक चालक टीमेड़ा निवासी प्रेमसिंह पुत्र थावरा राणा ने पीछे से रणजीत को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। उसे कुशलगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा महात्मा गांधी चिकित्सालय रैफर किया गया, लेकिन यहां भी उसकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर उसे रात में ही उदयपुर रैफर कर दिया गया। रणजीत ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजन घर छोड़ भागे
सूत्रों के अनुसार घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों में मंगलवार शाम को ही भांजगड़ा होने के बाद 2 लाख 50 हजार रुपया बतौर मौताणा देना तय हो गया था। प्रेमसिंह के परिजनों ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपए नगद भी दे दिए थे। शेष राशि बुधवार सुबह स्टाम्प लिखने के बाद देना तय हुआ था, लेकिन बुधवार सुबह 10 बजे ही मृतक के परिजनों ने शव को टीमेड़ा ले जाकर बाइक चालक के घर रख दिया। इससे परिजन घर छोडकऱ फरार हो गए। इस पर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा कर मौताणा राशि पूरी देने पर ही शव हटाने पर अड़ गए।
पुलिस की मौजूदगी में भांजगड़ा
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में भांजगड़ा हुआ और दोपहर में बाइक चालक प्रेमसिंह के परिजनों ने रुपयों की व्यवस्था कर 50 हजार राशि परिजनों को दी। साथ ही शेष राशि का स्टाम्प लिखकर दिया। इसके बाद शव मौके से हटाया गया।

Home / Banswara / बांसवाड़ा : बाइक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के घर शव रखकर मांगा मौताणा, ढाई लाख में समझौता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.