बांसवाड़ा

पीओपी की गणेश प्रतिमाओं के उपयोग पर पाबंदी के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली, राज्यमंत्री ने कहा-‘गणेश मंडलों की भावना अनुसार मनेगा महोत्सव’

www.patrika.com/rajasthan-news

बांसवाड़ाJul 25, 2018 / 02:30 pm

Ashish vajpayee

पीओपी की गणेश प्रतिमाओं के उपयोग पर पाबंदी के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली, राज्यमंत्री ने कहा-‘गणेश मंडलों की भावना अनुसार मनेगा महोत्सव’

बांसवाड़ा. गणेश महोत्सव के अन्तर्गत प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के उपयोग पर पाबंदी और नगर परिषद की ओर से मूर्तिघरों से प्रतिमाएं जब्त करने व इन्हें गंदे स्थानों पर रखने के खिलाफ गणेश मंडलों के कार्यकर्ताओं का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने नई आबादी स्थित सिद्धि विनायक मंदिर में बैठक की। इसके बाद शहर में आक्रोश रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। देर शाम राज्यमंत्री धनसिंह रावत मंदिर पहुंचे, जहां रावत ने कहा गणेश मंडलों की भावना के अनुरूप गणेश महोत्सव मनेगा। इसके बाद युवाओं ने गजानन के जयकारे लगाए। गणेशोत्सव के तहत पीओपी की प्रतिमाओं के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने और मूर्तिघरों से प्रतिमाएं जब्त कर लाने और नगर परिषद की ओर से लाई गई प्रतिमाओं को गंदे स्थान पर रखने को लेकर गत दिनों बजरंग दल और गणेश मंडल के पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त किया था। इसके बाद मंगलवार को शहर के विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सिद्धि विनायक मंदिर में दोपहर करीब 12 बजे से एकत्र होना शुरू हुए।
धार्मिक भावनाएं आहत
मंदिर के सभा मंडप में बजरंग दल जिला संयोजक मोतीलाल पटेल, कमलेश गहलोत, चन्द्र प्रकाश भाई सोनी, महेंद्र सेठिया, हेमंत जोशी, सुमित जोशी, निखिलेश श्रीमाल सहित कई मंडलों के प्रतिनिधियों ने कहा कि गणेश महोत्सव में स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं को जब्त करने और उन्हें गंदे स्थान पर रखने से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। हर बार जुलूस के मार्गों में भी प्रशासन की ओर से व्यवधान डाला जाता है और रोक दिया जाता है। युवाओं ने कहा कि उन्हें पाबंदी मंजूर नहीं है। नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड युवाओं के बूते बना है। अब आने वाले चुनाव में युवा ही निर्णय करेंगे। इसके बाद युवाओं ने रैली निकाली और नगर परिषद पहुंचकर नारेबाजी की। कलक्टरी पहुंंचकर प्रशासन को ज्ञापन दिया और पुन: मंदिर पहुंचे।
गत वर्ष भी हुई परेशानी
वक्ताओं ने कहा कि बांसवाड़ा का गणेश महोत्सव पूरे प्रदेश में विख्यात है। पहले कागदी पिकअप वियर में प्रतिमाओं का विसर्जन होता था। इसके पानी का उपयोग पेयजल के लिए लेने पर प्रशासन के कहने पर डायलाब में प्रतिमाएं विसर्जित की जा रही हंै। डायलाब में भी तालाब के पाŸव में बसी कॉलोनियों का गंदा पानी आ रहा है। इसके बावजूद प्रशासन और नगर परिषद की ओर से पानी को साफ रखने के कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके चलते गत वर्ष प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
राज्यमंत्री ने यह कहा
इसके बाद राज्यमंत्री ने कहा कि वे विश्वास दिलाते हैं कि वही होगा जो सभी गणेश मंडल चाहेंगे। मंडलों की भावना वह प्रशासन को अवगत कराएंगे। इसके अलावा नगर परिषद में रखी प्रतिमाओं को सुव्यवस्थित रखवाएंगे। प्रतिमा विसर्जन स्थल डायलाब पर भी बिजली, पानी, सडक़, मचान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। गत वर्ष जो कमियां रह गई थीं, उन्हें भी दूर करेंगे।
तो करेंगे जन आंदोलन
इधर, पूर्व मंत्री और गणेश महोत्सव समिति के संरक्षक भवानी जोशी ने कहा है कि पीओपी की गणेश प्रतिमाओं की स्थापना पर पाबंदी से जनता की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। प्रशासन ध्यान दे। इसके अलावा डायलाब तालाब को प्रतिमा विसर्जन से पहले पूरी तरह से भरा जाए। साथ ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जवाबदेही प्रशासन की होगी।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.