script

बांसवाड़ा : सालभर पहले नाता करके लाए पत्नी की घरेलू विवाद में धारदार हथियार से कर दी हत्या

locationबांसवाड़ाPublished: Feb 14, 2018 01:36:19 pm

Submitted by:

Ashish vajpayee

बोरखाबर गांव की घटना, आरोपित फरार

banswara news
बांसवाड़ा/आंबापुरा. आंबापुरा थाना इलाके के बोरखाबर गांव में सोमवार रात घरेलू विवाद के दौरान तैश में आए पति ने पत्नी की गर्दन पर धारिये से वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के ठीक आधे घंटे बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन आरोपित की तलाश में ढिलाई बरती, जिससे आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस के अनुसार बोरखाबर निवासी वना निनामा (45) और उसके पति हुका के मध्य सोमवार रात करीब आठ बजे घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी हुई।
तैश में आए हुका ने वना की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किया। वना लहूलुहान होने से वहीं अचेत हो गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया। इधर, घटना की जानकार मिलते ही मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस को इत्तला दी। आधे घंटे के भीतर पुलिस भी मौके पहुंची, लेकिन आरोपित की तलाश के प्रयासों में ढिलाई बरती। जबकि आरोपित घर से पैदल ही भागा था। बताया गया कि पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है, हालांकि खुलासा नहीं किया है।
पीहर पक्ष की मौजूदगी में पोस्टमार्टम

वना की मौत के बाद मंगलवार को पुलिस शव को महात्मा गांधी चिकित्सालय की मोर्चरी में लेकर आई। यहां पीहर पक्ष के लोगों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम हुआ और शव परिजनों को सौंपा गया। इससे पूर्व शव गांव में ही पड़ा रहा। पुलिस के अनुसार वना की हत्या के दौरान उसकी सास आंगन में सोई हुई थी।
छह बच्चों को छोडकऱ नातरे आई थी
जानकारी के अनुसार वना छह बच्चों की मां थी। उसकी पहले शादी गुजरात के झालोद में हुई थी। पूर्व पति से उसके छह बच्चे हैं। करीब एक साल पहले ही वह हुका निनामा के पास नातरे आई थी। इसके बाद से वह हुका के साथ ही रह रही थी। दोनों के बीच उम्र में करीब दस वर्ष का अंतर भी है।
यह कारण भी आया सामने

पुलिस सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ समय से वना को उसका पूर्व पति दोबारा मांग रहा था। इसके लिए पूर्व पति ने दबाव भी बनाया। इसके चलते दोनों पक्षों में भांजगड़ा भी हुआ और करीब दो लाख रुपए में सौदा भी तय हुआ। इसके चलते हुका को वना के पूर्व पति को उक्त राशि देनी थी और इसके चलते परिवार में सब कुछ ठीक नहीं था। संभावना यही जताई जा रही है कि इसी कारण हुका ने वना की हत्या कर दी। हालांकि हकीकत हुका की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगी।

ट्रेंडिंग वीडियो