scriptहावड़ा  के उलूबेडिय़ा  इलाके  में  भाजपा समर्थकों का घर फूंका | bjp supportes home put on fire in west bengal | Patrika News

हावड़ा  के उलूबेडिय़ा  इलाके  में  भाजपा समर्थकों का घर फूंका

locationकोलकाताPublished: Jan 16, 2018 12:18:17 am

Submitted by:

Paritosh Dube

उलूबेडिय़ा थाना इलाके के कांटाबेडिय़ा में भाजपा समर्थकों के घरों पर हमला कर आग के हवाले कर दिया गया

kolkata
हावड़ा.

उलूबेडिय़ा थाना इलाके के कांटाबेडिय़ा में भाजपा समर्थकों के घरों पर हमला कर आग के हवाले कर दिया गया। आगजनी का आरोप तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों पर लगा है। हमले में घायल भाजपा समर्थकों को उलूबेडिय़ा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर पाकर पुलिस की टीम व रैफ के जवान प्रभावित इलाके में पहुंच गए हैं।
पुलिस ने बताया कि भाजपा व तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच हुए संघर्ष में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। हिंसा में दो दुपहिया व चार मकान जलाए गए हैं। कई मकानों में तोड़ फोड़ की गई है। आगजनी व हमले के विरोध में भाजपा समर्थकों ने उलूबेडिय़ा थाने का घेराव कर हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस के आश्वासन के बाद घेराव व प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बताया जाता है कि उलूबेडिय़ा लोकसभा उपचुनाव के भाजपा प्रत्याशी अनुपम मल्लिक के समर्थन में सोमवार की दोपहर में गंगारामपुर से उलूबेडिय़ा कालीबाड़ी तक चुनावी रैली का आयोजन किया गया था। रैली में हिस्सा लेने के लिए कांटाबेडिय़ा से भाजपा समर्थक निकले थे। आरोप है कि उन्हें रास्ते में घेर कर पहले बुरी तरह से पीटा गया। उसके बाद उनके घरों में आग लगा दी गई। इलाके के भाजपा समर्थकों में दहशत का माहौल है।
भाजपा प्रत्याशी अनुपम मल्लिक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता भाजपा नेता मुकुल राय की रैली से घबरा गए थे। उनका मकसद रैली को विफल करना था। इसलिए भाजपा समर्थकों का रास्ता रोककर हमला किया गया आगजनी की गई। हमले के बाद भी गंगारामपुर से उलूबेडिय़ा काली बाड़ी तक भाजपा की चुनावी रैली संपन्न हुई।
मुकुल राय ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के समर्थक रास्ता रोक सकते हैं। हमला कर सकते हैं लेकिन लोगों के दिल में भाजपा के प्रति जो विश्वास है उसे कैसे रोकेंगे। उन्होंने कहा कि हमले व आगजनी की जानकारी केन्द्रीय गृहमंत्रालय को दे दी गई है।
हावड़ा जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अरुप राय ने कहा कि भाजपा जानबूझकर जगह- जगह खुद हिंसा फैला रही है। वह देख रही है कि चुनाव जीतना मुश्किल है ऐसे में चुनाव में हिंसा फैलाकर तृणमूल कांग्रेस को बदनाम कर रही है।

ट्रेंडिंग वीडियो