scriptबांसवाड़ा : सोशल मीडिया पर वायरल वार्डों में खर्च हुई राशि की सूची, कांगे्रसी पार्षदों पर खूब मेहरबानी, अपनों से आंखें फेरी! | List of amount spent on viral wards on social media | Patrika News

बांसवाड़ा : सोशल मीडिया पर वायरल वार्डों में खर्च हुई राशि की सूची, कांगे्रसी पार्षदों पर खूब मेहरबानी, अपनों से आंखें फेरी!

locationबांसवाड़ाPublished: Sep 03, 2018 01:57:38 pm

Submitted by:

Ashish vajpayee

www.patrika.com/banswara-news

banswara

बांसवाड़ा : सोशल मीडिया पर वायरल वार्डों में खर्च हुई राशि की सूची, कांगे्रसी पार्षदों पर खूब मेहरबानी, अपनों से आंखें फेरी!

बांसवाड़ा. नगर परिषद सभापति का विवादों से नाता टूट नहीं रहा है। सभापति के खिलाफ उपसभापति सहित भाजपा के ही पार्षदों की खेमेबाजी और जिला उपाध्यक्ष के साथ विवाद के बाद अब एक और मामला सामने आया है, जिसमें नगर परिषद की ओर से बीते साढ़े तीन साल में विशेष रूप से कांगे्रस के प्रतिनिधित्व वाले वार्डों में विकास कार्यों में खूब राशि खर्च हुई है, वहीं सत्तारुढ़ भाजपा पार्षदों के कई वार्डों में कुछ लाख रुपए ही खर्च हुए हैं। दरअसल, सोशल साइट पर एक सूची वायरल हुई है। बताया जा रहा है कि इसमें नगर परिषद के अधीन आने वाले 45 वार्डों में बीते साढ़े तीन साल में कराए कार्यों पर खर्च की गई राशि का उल्लेख है और इसे भाजपा के ही पार्षदों ने लेखा शाखा से जानकारी लेकर तैयार की है। इसमें सभापति के वार्ड नौ में साढ़े 41 लाख और उपसभापति के वार्ड में 15 खर्च होना अंकित है।
इतना हुआ खर्च
विकास कार्यों पर खर्च राशि से संबंधी वायरल सूची के अनुसार कांगे्रस पार्षद मुक्ता गुर्जर के वार्ड दो में सर्वाधिक एक करोड़ दो लाख रुपए से अधिक खर्च होना बताया है, वहीं पार्षद देवबाला के वार्ड में 33 लाख 80 हजार, आशीष मेहता के वार्ड 17 में करीब 22 लाख, कैलाशचंद्र डामोर के वार्ड 18 में 45 लाख 96 हजार, धनेश्वर के वार्ड 20 में 82 लाख 19 हजार, जाहिद अहमद के वार्ड 22 में साढ़े 42 लाख से अधिक, सुल्ताना मेवाफरोश के वार्ड 39 में करीब 28 लाख और अब्दुल वहीद के वार्ड 44 में साढ़े 28 लाख रुपए खर्च बताया है। सूची में कांगे्रस पार्षद अंबा मईड़ा और विमलचंद्र भट्ट के वार्ड में खर्च राशि का उल्लेख नहीं है।
ये दस लाख भी पार नहीं
सूची में भाजपा के कई पार्षद ऐसे हैं, जिनके वार्डों में व्यय राशि दस लाख भी नहीं है। इनमें अमित जोशी के वार्ड पांच में तीन लाख, लाभचंद पटेल के वार्ड 13 में छह लाख, राजेश्वरसिंह के वार्ड 25 में साढ़े छह लाख, महेंद्र सेठिया के वार्ड में तीन लाख, सचिन सोनी के वार्ड 34 में 5 लाख 84 हजार रुपए ही खर्च होना बताया है। हालांकि निलेश्वरी पंचाल के वार्ड 19 में 52 लाख से अधिक, नाजआरा खान के वार्ड 42 में 99 लाख, भूपेंद्र भोई के वार्ड में 32 लाख, फजीला के वार्ड में 40 और नारायण गणावा के वार्ड 45 में करीब 50 लाख रुपए व्यय होना बताया है। सूची में भाजपा पार्षद धर्मेंद्र चौबीसा के वार्ड 28 में खर्च राशि का उल्लेख नहीं है।
नहीं हुआ संपर्क
विकास कार्यों की सूची और राशि खर्च करने में कथित भेदभाव के आरोपों के संबंध में सभापति से मोबाइल पर काफी प्रयासों के बाद भी संपर्क नहीं हो पाया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो