बांसवाड़ा

आग लगने का शोर, बांसवाड़ा से ही दमकल की दौड़

औसतन रोज बज रहा सायरन
 

बांसवाड़ाMay 20, 2022 / 12:32 pm

Varun Bhatt

आग लगने का शोर, बांसवाड़ा से ही दमकल की दौड़

ग्रीष्म ऋतु में पिछले कुछ समय से आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं। जिले में आग लगने पर बांसवाड़ा से ही दमकल दल (fire brigade) को ही दौड़ लगानी पड़ रही है। यों तो प्रत्येक निकाय में अग्निशमन वाहन की सुविधा होनी चाहिए, किंतु जिले में बांसवाड़ा नगर परिषद के पास ही पर्याप्त साधन हैं। कुशलगढ़ उपखंड क्षेत्र एक वाहन पर तो परतापुर – गढ़ी नगरपालिका बांसवाड़ा के भरोसे हैं।

निकाय क्षेत्रों के विस्तारीकरण को देखते हुए अब सभी निकायों के लिए दमकलों की संख्या और स्टाफ नियुक्त करने की आवश्यकता बढ़ रही है। जिले में आए दिन किसी न किसी कारणवश आग लगने की घटना हो जाती है। कभी किसी खेत में तो कभी कहीं मकान में। बढ़ती गर्मी के कारण वन क्षेत्र भी धधक उठ रहे हैं। इसके अतिरिक्त झाड़ियों और खाली पड़े भूखंडों में भी आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में बांसवाड़ा में नगर परिषद के अन्तर्गत संचालित अग्निशमन केंद्र का दबाव बढ़ा हुआ है।

यह है स्थिति
बांसवाड़ा नगर परिषद के पास कुल पांच दमकल वाहन हैं। इसमें एक साढ़े तीन हजार लीटर क्षमता, तीन साढ़े चार हजार लीटर क्षमता तथा एक 14 हजार लीटर क्षमता का वाहन हैं। इस पर फील्ड के लिए वाहन चालक व फायरमैन सहित कुल 18 कार्मिक तैनात हैं। वहीं कार्यालयीन कार्य के लिए सहायक अग्निशमन अधिकारी व अन्य कार्मिक हैं। वहीं कुशलगढ़ नगरपालिका में एक वाहन 10 हजार लीटर क्षमता का है, जबकि दूसरा छोटा वाहन पिछले लंबे समय से खराब है। परतापुर – गढ़ी नगरपालिका के पास दमकल वाहन नहीं हैं। क्षेत्र में आग लगने पर बांसवाड़ा पर ही निर्भर है।

यह भी पढ़ें

पट्टा जारी करने में भ्रष्टाचार का खुलासा, देवगढ़ सरपंच 19 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा



अप्रेल माह में दमकल दल की दौड़ भी बढ़ी है। औसतन रोजाना दमकल का सायरन बज रहा है। अप्रेल माह में झाड़ियों और कचरा सेंटर पर लगी आग को बुझाने के अतिरिक्त 32 जगह पर आग पर फायर फाइटरों ने काबू पाया है। इसमें श्यामपुरा के जंगल, भापोर नर्सरी, समाईमाता वन क्षेत्र, गढ़ी में परसोलिया वन क्षेत्र, जगमेर वन क्षेत्र सहित खेतों में फसल में आग की घटनाएं प्रमुख है। दुकान, लकड़ी के गोदाम, दूध केबिन, खांदू कॉलोनी चौकी परिसर की घटनाओं के अलावा भीमपुर, खोडन, नवाटापरा, आमलीपाड़ा, झरनिया, आसोड़ा के समीप उपला उंडेला, लोधा, नाथजी का गढ़ा, डेरी-नापला, राखो आदि गांवों में दमकल वाहन दौड़े हैं। 24 अप्रेल को गढ़ी के परसोलिया मार्ग पर नगरपालिका अध्यक्ष के निवास के पीछे जंगल, लोधा में मकान, आसोड़ा तथा भापोर जंगल में आग की सूचना पर दमकल दौड़ी।

पड़ोसी जिलों तक दौड़
कुशलगढ़ नगरपालिका का वाहन कुशलगढ़ व सज्जनगढ़ उपखंड की सीमा तक ही दौड़ लगा रहा है, किंतु जिले के आनंदपुरी-बागीदौरा क्षेत्र हो, दानपुर हो गढ़ी-अरथूना, यहां आग लगने की घटना पर बांसवाड़ा से ही दमकलों को दौड़ लगानी पड़ रही है। इसके अतिरिक्त समीपवर्ती डूंगरपुर जिले के आसपुर और साबला इलाके में भी दमकल दल आग बुझाने पहुंच रहा है।

Home / Banswara / आग लगने का शोर, बांसवाड़ा से ही दमकल की दौड़

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.