scriptRajasthan Election 2018 : नोटा में कुशलगढ़ सिरमौर, बांसवाड़ा जिला टॉप थ्री में, झुंझुनूं के सूरजगढ़ सीट में सबसे कम दबा नोटा | NOTA used in rajasthan assembly elections | Patrika News

Rajasthan Election 2018 : नोटा में कुशलगढ़ सिरमौर, बांसवाड़ा जिला टॉप थ्री में, झुंझुनूं के सूरजगढ़ सीट में सबसे कम दबा नोटा

locationबांसवाड़ाPublished: Dec 13, 2018 12:56:56 pm

www.patrika.com/banswara-news

banswara

Rajasthan Election 2018 : नोटा में कुशलगढ़ सिरमौर, बांसवाड़ा जिला टॉप थ्री में, झुंझुनूं के सूरजगढ़ सीट में सबसे कम दबा नोटा

बांसवाड़ा. विधान सभा चुनाव 2018 में प्रदेश में इस बार भी मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाकर प्रत्याशियों के प्रति खुलकर नाराजगी जाहिर की। नोटा का उपयोग बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ विधानसभा सीट के मतदाताओं ने सबसे अधिक किया, जिसके साथ ही कुशलगढ़ सीट ने प्रदेश में सबसे अधिक नोटा बटन दबाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ज्ञात रहे कि कुशलगढ़ सीट पर कुल 11002 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। इस सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रमीला खडिय़ा विजेता रही है। दूसरी तरफ सबसे कम झुंझुनूं जिले की सूरजगढ़ सीट पर नोटा दबा। यहां पर 392 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। जिले के अनुसार सबसे ज्यादा नोटा उदयपुर तो सबसे कम जैसलमेर जिले में दबाया गया।
नोटा के मामले में बांसवाड़ा टॉप थ्री
जिला अनुसार बात करें तो 29869 मतदातओं के द्वारा नोटा दबाने से बांसवाड़ा जिला टॉप थ्री में है। पूरे प्रदेश में सिर्फ उदयपुर और जयपुर जिले में ही बांसवाड़ा से अधिक नोटा बटन दबाए गए। प्रदेश में कुल 4,67,785 मतदाताओं ने नोटा बटन दबाया। यह कुल वोट का 1.33 प्रतिशत रहा है। हालांकि वर्ष 2013 के चुनाव के मुकाबले नोटा बटन को दबाने वाले मतदाताओं की संख्या एक लाख 20 हजार 626 कम रही है।
दिग्गजों की सीट पर भी विरोध
निवर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट के विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों नेनोटा का इस्तेमाल किया। झालावाड़ जिले की झालरापाटन सीट में 3125, अशोक गहलोत की सरदारपुरा में 753 व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की टोंक सीट पर 1485 ने नोटा का बटन दबाया है।
जीत का अंतर कम नोटा ज्यादा
प्रदेश में कुछ ऐसी सीटें भी रही है, जहां पर प्रत्याशियों की जीत का अंतर काफी कम है, लेकिन यहां नोटा का बटन दबाने वाले अधिक रहे हैं। भीलवाड़ा जिले की आसींद सीट पर भाजपा के जब्बार सिंह सांखला सबसे कम 154 मतों से जीते, जबकि यहां नोटा दबाने वालों की संख्या 2943 रही। दूसरे स्थान पर पाली जिले की मारवाड़ जंक्शन सीट पर खुशवीर सिंह हैं जो कि 251 मतों से जीते जबकि नोटा का प्रयोग करने वालों की संख्या 2719 रही। तीसरे स्थान पर हनुमानगढ़ जिले की पीलीबंगा सीट पर भाजपा के धर्मेन्द्र कुमार रहे है, जिन्होंने 278 मतों से चुनाव जीता। जबकि इस विधानसभा सीट पर नोटा का बटन दबाने वालों की संख्या 2441 रही।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो