scriptबांसवाड़ा के तीर्थयात्री की उत्तराखण्ड में मौत | pilgrim dies in uttarakhand | Patrika News

बांसवाड़ा के तीर्थयात्री की उत्तराखण्ड में मौत

locationबांसवाड़ाPublished: Jul 02, 2022 01:13:48 am

Submitted by:

Ashish vajpayee

भूस्खलन के दौरान गिरा पत्थर
 

बांसवाड़ा के तीर्थयात्री की उत्तराखण्ड में मौत

बांसवाड़ा के तीर्थयात्री की उत्तराखण्ड में मौत

बांसवाड़ा. उत्तराखण्ड में बरसात के बीच केदारनाथ मार्ग पर सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच भूस्खलन होने से बांसवाड़ा के एक तीर्थयात्री की मौत हो गई। वहीं अन्य तीन लोग घायल हो गए हैं, जो अन्य प्रदेशों के निवासी है। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच पदयात्रा कर रहे यात्रियों पर अचानक भूस्खलन के दौरान पत्थर गिरे। इस दौरान बांसवाड़ा के तीर्थयात्री कॉमर्शियल कॉलोनी निवासी जयंतीलाल पुत्र गौतमलाल खेतरा के सिर पर भी पत्थर गिरा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। उनकी उम्र करीब 50 वर्ष बताई गई। इधर, वसीटा समाज के अध्यक्ष बलवंत वसीटा ने बताया कि जयंतीलाल अपनी पत्नी, दो साढू और उनकी पत्नियों के साथ यात्रा पर गए थे, जहां यह हादसा हुआ। उन्होंने मृतक का शव बांसवाड़ा लाने की जानकारी दी। साथ बताया कि तीन घायल अहमदाबाद, हरियाणा व नेपाल निवासी है। उनका उपचार सोनप्रयाग के स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

इधर, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से प्रौढ़ की मौत
बांसवाड़ा. उदयपुर मार्ग पर गनोड़ा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार शाम को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक प्रौढ़ की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा देर शाम को हुआ, जबकि उम्बाड़ा निवासी गांगजी (52) पुत्र खातु मालीवाड़ अपनी बेटी से मिलने के लिए पैदल ही उसके ससुराल भुवासा जा रहा था। इसी बीच, अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। दुर्घटना से गांगजी की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस ने शव मौके से जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। दूसरे दिन मृतक के बेटे गौतम ने मोटागांव थाने में रिपोर्ट दी। इस पर एएसआई इंद्रवीरसिंह शक्तावत ने बांसवाड़ा में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंपा। प्रकरण में पुलिस की जांच जारी है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो