script

अंबेडकर ने दी है ये ताकत की चाय वाला प्रधानमंत्री बना, दलित राष्ट्रपति बना और किसान उपराष्ट्रपति बना : मोदी

locationबांसवाड़ाPublished: Nov 26, 2018 08:54:57 pm

Submitted by:

rohit sharma

अंबेडकर ने दी है ये ताकत की चाय वाला प्रधानमंत्री बना, दलित राष्ट्रपति बना और किसान उपराष्ट्रपति बना : मोदी
 

modi

modi

बांसवाड़ा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वागड़ प्रयाग बेणेश्वर की धरा से कांग्रेस के परिवारवाद और उसकी कार्यशैली पर तीखे हमले बोले और कहा कि कांग्रेस का मूल मंत्र, उसूल फैमेली फर्स्ट, पीपुल लास्ट है। कांग्रेस के नामदार और उनके परिवार को कुर्सी, राजगद्दी और परिवार के आगे कुछ नहीं दिखता। जातिवाद कांग्रेस के लोगों की जन्म घुट्टी में मिला हुआ है। उन्होंने आदिवासियों के देश के लिए योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि वे उन्हें जो इतना प्यार उन्हें दे रहे हैं उसे वे ब्याज समेत विकास करके लौटाएंगे। मेवाड़ वागड़ के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में करीब चालीस मिनट के भाषण में मोदी ने भाजपा सरकार और अपने कामकाज के तौर तरीके गिनाए वहीं कांग्रेस को निशाने पर लिया।
हर मसले पर कांग्रेस, उसके नामदार उनकी जुबां पर रहे। उन्होंने कांग्रेस के परिवारवाद पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि कांगेस में ऐसे लोग भी हुए जो प्रधानमंत्री बन सकते थे लेकिन कांग्रेस का उसूल है पहले नामदार, फिर परिवार, जातिवाद और उसके बाद देश।
उन्होंने वागड़ और मेवाड़ के कांग्रेस नेताओं हरिदेव जोशी और मोहन लाल सुखाडिय़ा के योगदान का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भी भूला दिया। प्रधानमंत्री ने आदिवासियों की शहादत स्थली मानगढ़ धाम पर गोविंद गुरु की अगुवाई में आदिवासियों की शहादत को याद करते हुए कहा कि वह जलियावाला बाग से भी बड़ा कांड था।
आदिवासियों ने देश की आजादी में योगदान किया, प्रगति में योगदान किया। यह आपको और मुझे पता है, लेकिन कांग्रेस ने उसे भी भूला दिया। भाजपा ने मानगढ़ का स्मारक बनाया और अब वहां हर साल मेला लगाता है।
आदिवासी अलग मंत्री, मंत्रालय, बजट की मांग करते रहे, लेकिन वे केवल वोट बंटोरते रहे और सरकार चलाते रहे। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आदिवासी मंत्रालय बनाया गया और आदिवासियों के विकास की गाथा शुरू हुई। उन्होंने जनता से सवाल किया कि जो कांग्रेस आदिवासियों को याद नहीं करती, कभी परवाह नहीं की उसे आप घुसने देंगे क्या?
व्यक्तिगत प्रहार प्रधानमंत्री ने किसी का नाम का उल्लेख किए बगैर व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कांग्रेस के नामदार को एनसीसी का अर्थ नहीं पता, घोषणा पत्र क्या होता है ये नहीं पता कैलाश मानसरोवर होता क्या है। कांग्रेस के नेता ऐसे कि उन्हें चने और मूंग के पौघे में फर्क मालूम नहीं है। उन्होंने कहा कि वादे करना और भूला देना यही कांग्रेस की परिपाटी रही है। भाजपा के कामकाज की शैली का उल्लेख करते हुए कहा कांग्रेस राज में केवल चार मोबाइल फैक्टरियां थीं, आज 125 हैं।

2022 तक हर घर को मकान का संकल्प

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2022 में आजादी के 75 साल पूरे होंगे। गोविंद गुरु ने जिस आजादी के लिए बलिदान दिया, सपने देखे उसे हम पूरे करेंगे। उन्होंने संकल्प किया है कि 2022 तक हिन्दुस्तान का एक भी परिवार ऐसा नहीं रहेगा, जिसके पास पक्का घर नहीं होगा। मोदी ने कांग्रेस की तरह काम नहीं किया है। मोदी ने पक्के घर, छत नल जल गैस कनेक्शन, बिजली बल्ब शौचालय सभी की व्यवस्था की है। आप तय करें कि नामदार के वादे सही हैं या हमारे वादे सही है। हम वादे करते हैं तो हिसाब भी देते हैं। उन्हें चार पीढ़ी का समय मिला और मोदी को चार साल मिले लेकिन कई गुना काम कर दिया। ठान लिया घर देने हैंं तो सवा करोड़ परिवारों के घर बन गए। इनमें सात लाख राजस्थान में और एक लाख बांवाड़ा में बने। उन्हें चाबी देदी और लोगो ने उसी घर में दिवाली मना ली।

भाजपा के ये मूल मंत्र

प्रधानमंत्री ने कहा भाजपा का मूल मंत्र है युवा को कमाई, किसान को सिंचाई, बुजुर्ग को दवा और जनजन की सुनवाई। हम इसी मंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने राज्य की वसुंधरा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने वर्षा के पानी की बूूंद बूंद एकत्र करने के लिए पांच साल में चार लाख सुविधाएं खड़ी कर एक भागीरथ प्रयास किया है और ये प्रयास आगे भी जारी रहा तो गुजरात की तरह हमेशा के लिए पानी की समस्या का समाधान हो सकता है।
ये है वोट की ताकत

प्रधानमंत्री ने एक वोट की क्या ताकत है यह जनता को समझाने का प्रयास किया और कहा कि गरीब को पुण्यदान से संतोष होता है। एक वोट दोगे तो भाजपा की सरकार बनेगी। ये वोट गरीब का घर परिवार बनाने का वोट होगा। आपका वोट बेटी बेटे को डाक्टर बनाने का सपना पूरा कर सकता है। बांसवाड़ा में मेडिकल कालेज बना सकता है, गैस कनेक्शन दे सकता है, बिजली दे सकता है, रोजगार दे सकता है।
संविधान दिवस का जिक्र करते हुए कहा संविधान और अंबेडकर ने ही ये ताकत दी है चाय वाला प्रधानमंत्री बना, दलित राष्ट्रपति बना और किसान उपराष्ट्रपति बना। लेकिन कांग्रेस पार्टी कहती है कि मोदी बताए उसकी जाति क्या है। उन्होंने जनता से सवाल किया किजातिवाद का खेल खेला जाना चाहिए क्या। कांग्रेस के दिमाग, रग में जाति वाद घुला हुआ है।

ट्रेंडिंग वीडियो