बांसवाड़ा

Video : बांसवाड़ा : रफाल सौदे में झूठ बोल रही केंद्र सरकार, इस सरकार को धक्का देकर गंगा में बहा दो- शरद यादव

www.patrika.com/banswara-news

बांसवाड़ाSep 29, 2018 / 12:13 pm

Varun Bhatt

बांसवाड़ा : रफाल सौदे में झूठ बोल रही केंद्र सरकार, इस सरकार को धक्का देकर गंगा में बहा दो- शरद यादव

बांसवाड़ा. पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकतांत्रिक जनता दल के राष्ट्रीय संरक्षक शरद यादव ने रफाल विमान सौदे पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि विमानों की कीमत तीन गुना बढ़ गई, ये कैसा कमाल है। यह काम एचएएल को मिलना था। 120 विमान आने थे, लेकिन 36 लेकर आए। इस मामले में भारत सरकार झूठ बोल रही है। लोकतांत्रिक जनता दल की बांसवाड़ा में शुक्रवार को लोकक्रांति रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत में शरद यादव ने कहा कि एचएएल को काम मिलने से देश के हजारों लोगों को रोजगार मिलता। उसकी बजाय बैंक के कर्जदार को ठेका कैसे दे दिया। फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने भी मामले में अपनी बात पूरे विश्व के सामने रख दी है। मौजूदा समय में देश का संविधान, लोकतंत्र और लोगों के हक खतरे में हैं। इन्हें बचाने के लिए चुनावों के समय बटन पर बटन दबाकर इस सरकार को धक्का दे गंगा में बहा दो। उन्होंने मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा पर भी हमला बोलते हुए कहा कि यह गौरव यात्रा नहीं बर्बादी की यात्रा है।
केन्द्र सरकार को किनारे लगा देंगे
वर्ष 2019 में आने वाले लोकसभा चुनाव और महागठबंधन के भविष्य के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम केंद्र सरकार को पार लगा देंगे। सात साझा विरासत सम्मेलन किए हैं। इसमें 22 पार्टियों का साथ मिला है। कौमी एकता सम्मेलन भी किए हैं, जिनमें सभी दलों ने शिरकत की है। संविधान बचाना है तो एकता ही इसका मूलमंत्र है। अयोध्या में राम मंदिर के मामले में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी व सहयोगियों का ध्यान बेरोजगारी, बेकारी, गरीबी, नोटबंदी और जीएसटी से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने पर है।
इन्होंने यह कहा
चंद्रशेखर यादव (राष्ट्रीय महासचिव): केंद्र की तानाशाही खत्म करने का अवसर आया है। वसुंधरा से पिण्ड छुड़ा लो। 22 विभागों के कार्मिक हड़ताल पर है और मुख्यमंत्री गौरव यात्रा निकाल रही है।
रामनिवास यादव (प्रदेशाध्यक्ष) : आदिवासी के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। कुछ साथी चले गए तो पार्टी कमजोर हुई। चुनाव में भाजपा को पूरी तरह उखाड़ फैंकना है।
कलसिंह मकवाना: आदिवासी और गरीब के हक की लड़ाई दिल्ली में शरद यादव लड़ रहे हैं।
छगनलाल चरपोटा: रोजगार, राशन, बिजली न पानी मिल रहा है। अब यह सरकार बदलनी है।
विजय हारी: लोकतंत्र खतरे में था, इसलिए पार्टी गठित की। अब विरासत बचाने व मजबूत बनाने में जुटे हैं।
तोलसिंह भूरिया: चुनाव का समय है। कार्यकर्ताओं को जागना होगा और पार्टी को जीताना होगा।
भाणजी भाई: पार्टी गरीबों की लड़ाई लड़ रही है। मामाजी को नहीं भूलें। उनकी लड़ाई शरद यादव लड़ रहे हैं।
भैंरोसिंह डामोर: मामाजी ने शरद यादव को लड़ाई लडऩे का जिम्मा सौंपा। मामजी के रास्ते से भटके तो हार मिली।
रजनीकांत मालोत: जनता की आवाज को कार्यकर्ता मजबूत करें। बांसवाड़ा को भाजपा मुक्त बनाएं।
हरिओम: मामाजी के आदर्शों पर चलें। जुल्म के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें।
इसके अलावा राष्ट्रीय महासचिव सुशीला देवी, कामरेड जसवंतसिंह, विजयसिंह कुशलगढ़, डा. राजाराम, कामरेड बादल सरोज, उत्तम यादव, आदि ने संबोधित किया। संचालन एमपी में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद यादव ने किया।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.