script

बांसवाड़ा : जन्माष्टमी पर कान्हा को लड़ाएंगे लाड़, कुशलबाग मैदान में होगा मटकीफोड़ का आयोजन

locationबांसवाड़ाPublished: Sep 03, 2018 02:06:54 pm

Submitted by:

Ashish vajpayee

www.patrika.com/banswara-news

banswara

बांसवाड़ा : जन्माष्टमी पर कान्हा को लड़ाएंगे लाड़, कुशलबाग मैदान में होगा मटकीफोड़ का आयोजन

बांसवाड़ा. यशोदानंदन भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। कृष्ण व भगवान विष्णु के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। झांकियां सजाई जाएंगी और मध्यरात्रि भगवान का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। दधि उत्सव मनाने के लिए नन्हें कान्हा तैयार हो गए हैं। वहीं कुशलबाग मैदान में मटकीफोड़ कार्यक्रम होगा, जिसमें शहर की व्यायामशालाओं के पहलवान सम्मिलित होकर दही हांडी फोड़ेंगे। कृष्ण जन्मोत्सव को लेकर शहर के आजाद चौक स्थित रूपचतुर्भुज मंदिर, रणछोडऱाय, जगदीश मंदिर, महालक्ष्मी चौक स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर, पीपली चौक स्थित रघुनाथ मंदिर, भोजापालिया स्थित नृसिंह मंदिर, वनेश्वर स्थित राधाकृष्ण मंदिर, खांदू कॉलोनी में पंच मंदिर सहित अन्य मंदिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इन मंदिरों में सोमवार संध्या के उपरांत भजन-कीर्तन का दौर शुरू होगा, जो मध्यरात्रि तक चलेगा। इसके बाद भगवान का जन्मोत्सव होगा। राधाकृष्ण मंदिर अमरदीप नगर मंदिर समिति के प्रवक्ता राजेश भावसार ने बताया कि सोमवार रात्रि नौ बजे शंख मंदिर में मटकी फोड़ कार्यक्रम होगा। साथ ही झांकियां सजाई जाएंगी।
तैयारियां अंतिम दौर में
इधर, कुशलबाग मैदान में मटकी फोड़ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। कन्हैयालाल स्मृति ट्रस्ट के अध्यक्ष गर्वित शर्मा ने बताया कि मैदान में मटकियां बांधने के लिए बड़े पोल लगाए गए हैं। अतिथियों के लिए मंच की व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियों में रमणलाल टेलर, प्रेमकांत मेहता, नरेंद्र श्रीमाल, गिरिजा महाराज, अरविंद पंचाल, कपिल पंचाल, शैलेश सेठिया आदि जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एक दर्जन से अधिक मटकियां बांध जा रही हैं। कार्यक्रम शाम साढ़े सात बजे आरंभ होगा।
28 वर्षों से आयोजन
ट्रस्ट के संरक्षक भवानी जोशी ने बताया कि बीते 28 वर्षों से प्रतिवर्ष मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें पहले शहर की व्यायामशालाओं से ही पहलवान सम्मिलित होते थे। अब आसपास के गांवों में संचालित व्यायामशाला से भी पहलवान आते हैं और दही हांडी फोड़ते हैं। पहले यह कार्यक्रम शहर में अलग-अलग क्षेत्रों में होता था। करीब बीस साल से कुशलबाग मैदान में ही मटकी फोड़ कार्यक्रम हो रहा है। वैदेही बिहार जनसेवा संस्थान की ओर से नीलमनगर में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। संस्थान अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे से पूजन आदि कार्यक्रम होंगे, जो मध्यरात्रि तक चलेंगे। बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम, महिलाओं की ओर से लोकगीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। मध्यरात्रि बाद भोजपुरी गीत संध्या होगी। रविवार को नंददेव प्रजापतिकी अध्यक्षता में बैठक में विनोद कुमार, विजय , दिनेश प्रसाद, उमेश सिंह,आदि ने कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई।
यह व्यायामशालाएं होंगी सम्मिलित
मटकी फोड़ कार्यक्रम में शहर और समीपस्थ गांवों की 12 से अधिक व्यायामशालाओं के पहलवान सम्मिलित होंगे। इसमें मारुति व्यायामशाला, पांडव व्यायामशाला, वनेश्वर व्यायामशाला, कालिकामाता व्यायामशाला, पवनपुत्र व्यायामशाला, खोडियारमाता व्यायामशाला, लालीवाव मठ व्यायामशाला, भारतमाता मंदिर व्यायामशाला, विद्यार्थी परिषद व्यायामशाला, केवट मांझी व्यायामशाला, एकलव्य व्यायामशाला, निचला घंटाला व पीपलोद की व्यायामशालाएं शामिल हैं।

ट्रेंडिंग वीडियो