scriptबांसवाड़ा : चेतावनी के बाद भी पुलिस ने शराब के अड्डों पर नहीं की कार्रवाई, आक्रोशित महिलाओं ने बीच चौराहे पर लाकर बहा दी शराब | Women act against illegal liquor bases | Patrika News
बांसवाड़ा

बांसवाड़ा : चेतावनी के बाद भी पुलिस ने शराब के अड्डों पर नहीं की कार्रवाई, आक्रोशित महिलाओं ने बीच चौराहे पर लाकर बहा दी शराब

दो दिन पहले थाने पर प्रदर्शन कर दी थी चेतावनी, फिर भी नहीं जागी पुलिस

बांसवाड़ाMar 16, 2018 / 12:50 pm

Ashish vajpayee

banswara news
गनोड़ा. पुलिस ने क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंद ली तो भूदानपुरा की ग्रामीण महिलाओं ने ही मोर्चा संभाल लिया। महिलाओं ने ऐसे अड्डों को खुद नेस्ताबूद करने की ठानी है। गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाएं शराब के एक अवैध अड्डे पर पहुंच गई और वहां रखे महुए के वॉश से भरे ड्रम उठा लाई और बीच चौराहे पर नष्ट कर दिया। इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी रही। लोहारिया थाना क्षेत्र के रोहिड़ा ग्राम पंचायत के भूदानपुरा क्षेत्र में अवैध शराब के अड्डे धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।
गत मंगलवार को महिलाओं ने थाना परिसर में प्रदर्शन कर 15 मार्च तक ऐसे अड्डे बंद करने की चेतावनी दी थी। शिकायत के बाद बुधवार को पुलिस ने औपचारिकता निभाते हुए रोहिड़ा गांव जाकर अवैध शराब के मामले में एक जने को गिरफ्तार किया। इधर गुरुवार को शराब के अवैध अड्डों का संचालन जारी रहा। इससे महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाओं ने एकजुट होकर शराब के खिलाफ खुद लड़ाई लडऩे की ठानी। बड़ी संख्या में महिलाएं एक शराब के अड्डे पर पहुंच गई।
शराब बनाने के बर्तन एवं महुए के वॉश से भरे ड्रम उठा लाई और बीच चौराहे पर लाकर रख दिए। बाद में पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलवाया। इस पर भीमपुर पुलिस चौकी से कांस्टेबल नागेन्द्रसिंह एवं सोहनकुमार मौके पर पहुंचे। बाद में महिलाओं ने पुलिस की मौजूदगी में ड्रमों में भरे वॉश को नष्ट कर दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल नागेन्द्रसिंह को उलहाना दिया तो अभद्र भाषा का उपयोग किया। साथ ही शराब के अड्डे बंद नहीं होने की बात कही।
किशोर भी लत के शिकार
महिलाओं ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब के चार अड्डे अब भी जारी है। जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। महिलाओं ने बताया कि पुरुषों के अलावा अब किशोर भी शराब की लत के शिकार हो रहे हैं। पुरुष जो कमाते हैं शराब में उड़ा देते हें ऐसे में परिवार का खर्च कैसे चले।

Home / Banswara / बांसवाड़ा : चेतावनी के बाद भी पुलिस ने शराब के अड्डों पर नहीं की कार्रवाई, आक्रोशित महिलाओं ने बीच चौराहे पर लाकर बहा दी शराब

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो