बांसवाड़ा

तीन महीनों से जलापूर्ति नहीं, आक्रोशित महिलाओं ने अभियंता को घेरा, समाधान नही होने पर मटकियां फोड़ आंदोलन की चेतावनी

महिलाओं ने अभियंता को खरी-खोटी सुनाई और जमकर रोष जताया

बांसवाड़ाJun 25, 2019 / 01:30 pm

Varun Bhatt

तीन महीनों से जलापूर्ति नहीं, आक्रोशित महिलाओं ने अभियंता को घेरा, समाधान नही होने पर मटकियां फोड़ आंदोलन की चेतावनी

बांसवाड़ा/परतापुर. जिले के परतापुर नगर में तीन महीने से पीने के पानी की आपूर्ति नहीं होने से खफा लोगों का सब्र सोमवार को टूट गया। महिलाओं ने बड़ी संख्या में एकजुट होकर सुबह जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता का घेराव कर आक्रोश जताया। यहां नगर के मुख्य बाजार में विभागीय जलापूर्ति नहीं होने पर क्षेत्रवासियों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई, तो लोग परेशान हो उठे। इसे लेकर सोमवार सुबह आक्रोशित महिलाओं ने पुराना बस स्टैण्ड स्थित विभाग कार्यालय पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता शांतिलाल मीणा का घेराव किया। महिलाओं ने मीणा को खरी-खोटी सुनाई और जमकर रोष व्यक्त किया। क्षेत्र की लक्ष्मी टेलर, बबीता, मंगला, वीणा आदि महिलाओं ने बताया कि तीन माह से नलों में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है। इससे लोगों को रोज पानी के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में एक ही हैण्डपंप है और उस पर सुबह से लम्बी कतारें लग रही हैं। कई बार बच्चों को साइकिल पर पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। कुछ लोगों को टैंकर से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। तीन-चार बार कार्यालय में आकर अधिकारियों को समस्या बताने पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे समस्या गंभीर होती जा रही है।
बांसवाड़ा में झोलाछाप डॉक्टर धड़ल्ले से दे रहे गर्भपात की दवा, एक ही सुई दूसरों पर इस्तेमाल कर बढ़ा रहे एड्स का खतरा!

तत्काल पेयजल आपूर्ति के लिए अड़ीं
आक्रोशित महिलाओं ने प्रदर्शन के दौरान तुरंत पेयजल आपूर्ति करने की मांग की और अड़ गईं। कनिष्ठ अभियंता ने इसे हल्के में लिया, तो मांग को अनसूना करने पर महिलाएं और उग्र हो गईं। महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि अगर कोई समस्या विभागीय है, उससे हमें सरोकार नहीं। अब तो क्षेत्र में हर हाल में आपूर्ति चाहिए। जनाक्रोश बढ़ता देखकर सहायक अभियंता श्यामलाल चरपोटा ने एक दिन में समाधान कर जलापूर्ति नियमित कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिलाएं शांत हुई। मौके पर अधिकारियों से बातचीत के दौरान मिले आश्वासन पर महिलाओं ने दो टूक शब्दों में एक दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर मटकियां फोड़ आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान राजेश चौहान, भरत टेलर आदि उपस्थित थे।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.