बाराबंकी

बीजेपी के राज में बाढ़ राहत सामग्री का रंग भी हुआ भगवा, मंत्री जी ने कहा- ये तो जनता का सौभाग्य

बाढ़ राहत सामग्री किट में छापी मोदी और योगी की फोटो…

बाराबंकीAug 12, 2018 / 01:15 pm

नितिन श्रीवास्तव

बीजेपी के राज में बाढ़ राहत सामग्री का रंग भी हुई भगवा, मंत्री जी ने कहा- ये तो जनता का सौभाग्य

बाराबंकी. बाढ़ पीड़ितों को राज्य सरकार की तरफ से दी जा रही राहत सामग्री की पैकिंग में भी भगवा ब्रांडिंग साफ दिख रही है। दरअसल बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को बांटी जा रही राहत सामग्री किट की पैकिंग भगवा रंग में की गई है। अब इसके पीछे सरकार की मंशा क्या है ये तो वही जाने लेकिन उसके इस कदम ने बीजेपी की भगवाकरण राजनिति जरूर सामने आई है।
 

बाढ़ राहत समग्री भी भगवा

प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार में सब कुछ भगवा हो रहा है। इस बार तो जिले में घाघरा नदी की बाढ़ के कहर से जूझ रहे लोगों के लिए लाई गई राहत सामग्री भी भगवा हो गई। भगवा राहत सामग्री किट पर पीएम मोदी और सीएम योगी के चित्र छपे हैं। किट के डिब्बे पर उस सामग्री का विवरण है जो उसके अंदर रखी है। भगवा राहत सामग्री किट पीड़ितों का पेट भरेगी और सुरक्षित रखेगी।
 

मंत्री जी ने किया गुणगान

बाराबंकी में घाघरा नदी की बाढ़ से प्रभावित हजारों लोग बेघर हो गए और दर्जनों गांव पानी में समा गए। लेकिन ऐसी मुश्किल घड़ी में भी शायद सरकार राजनीतिक फायदे का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है। शायद तभी बाढ़ पीड़ितों को बांटी जाने वाली राहत सामग्री को भी सरकार ने भगवा रंग में करवा दिया है। वहीं बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने आए यूपी सरकार के सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने भी पीएम मोदी और सीएम योगी के गुणगान करने में जरा भी देर नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि ये तो उत्तर प्रदेश की जनता का सौभाग्य है कि जहां से राजाओं का राज खत्म होता है वहां से योगी राज शुरू होता है। मोदी और योगी दोनों गरीबों के बारे में सोचते हैं इसलिए राहत सामग्री पर उनकी फोटो लगाई गई है। मंत्री जी से जब बाढ़ राहत सामग्री को भगवा करने पर होने वाले खर्च के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम उसकी चिंता नहीं करते और इतना कहते हुए उन्होंने अपनी गाढ़ी आगे बढ़वा दी।

Home / Barabanki / बीजेपी के राज में बाढ़ राहत सामग्री का रंग भी हुआ भगवा, मंत्री जी ने कहा- ये तो जनता का सौभाग्य

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.