बाराबंकी

अब महिलाएं भी बेझिझक आएंगी पुलिस थाने, दूर होगा आधी आबादी का डर, अनोखा अभियान छेड़ने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बाराबंकी

महिलाओं को पुलिस थानों या पुलिस से शिकायत करने में कोई झिझक न हो इसके लिए बाराबंकी जिले के सभी थानों में थाना चलो अभियान शुरू कर दिया गया है।

बाराबंकीMar 14, 2021 / 12:27 pm

नितिन श्रीवास्तव

अब महिलाएं भी बेझिझक आएंगी पुलिस थाने, दूर होगा आधी आबादी का डर, अनोखा अभियान छेड़ने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बाराबंकी

बाराबंकी. महिलाओं को पुलिस थानों या पुलिस से शिकायत करने में कोई झिझक न हो इसके लिए बाराबंकी जिले के सभी थानों में थाना चलो अभियान शुरू कर दिया गया है। आधी आबादी को सुरक्षा का भरोसा दिलाने, उन्हें अधिकार और कानून की जानकारी देने के लिए ऐसा अनोखा अभियान चलाने वाला बाराबंकी प्रदेश का पहला जिला बना है। दरअसल पुलिस अधीक्षक बाराबंकी की इस पहल का मकसद महिलाओं को जागरुक करने के साथ-साथ महिला अपराध संबंधित सूचना देने के लिए सरकार की तरफ से जारी टोल फ्री नंबरों की जानकारी देना है। वहीं बाराबंकी पुलिस की इस पहल से जिले की महिलाओं में भी काफी खुशी है।

 

महिलाओं को जागरपक करने की पहल

मिशन शक्ति अभियान के तहत पूरे प्रदेश में इन दिनों सरकार महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरुक करने में जुटी है। इसी क्रम में बाराबंकी पुलिस ने भी जिलेभर के सभी थानों में महिलाओं के लिए एक अनोखा अभियान छेड़ा है। जिसका नाम थाना चलो अभियान दिया गया है। बाराबंकी प्रदेश का पहला ऐसा जिला है, जहां महिलाओं को लेकर इस तरह का अभियान चलाया जा रहा है। थाना चलो अभियान के तहत थाने में आने वाली महिलाओं को सौहार्दपूर्ण माहौल दिया जाएगा। उन्हें यह अहसास कराया जाएगा कि पुलिसकर्मी भी उन्हीं के बीच से आए हुए लोग हैं। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं से पुलिस व महिला का संवाद स्थापित करना है। वहीं इसके बाद बाराबंकी पुलिस जल्द ही जिले में गांव चलो अभियान भी शुरू करने जा रही है। गांव चलो अभियान के तहत महिला पुलिस गांव-गांव जाएगी और वहां महिलाओं को इकट्ठा करके उनके साथ चौपाल लगाएगी। इस दौरान उन्हें अधिकार और कानून की जानकारी के साथ-साथ महिला अपराध संबंधित सूचना देने के लिए जारी टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान महिलाओं को दी जाने वाली जानकारी का पंपलेट भी दिया जाएगा, जिससे वह याद रख सकें।

 

शुरू होगा गांव चलो अभियान

बाराबंकी के एसपी यमुना प्रसाद ने अपनी इस अनोखी पहल के बारे में बताया कि थाना चलो और गांव चचो अभियान के तहत लगाई जाने वाली चौपाल में महिलाओं से उनकी समस्या पूछे जाने के अलावा उन्हें भारतीय दंड संहिता की वह धाराएं बताई जाएंगी। जो महिला अपराध से संबंधित होती हैं। साथ ही उन्हें घरेलू हिसा, दहेज उत्पीड़न, पाक्सो, छेड़छाड़ व महिला अपराध संबंधित अन्य जानकारी और इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित व जागरूक किया जाएगा। महिलाओं के लिए सरकार से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी के साथ मिशन शक्ति, पिंक बूथ, हेल्प डेस्क, महिला सहायता प्रकोष्ठ के साथ 1090, 181, 112 समेत तमाम टोल फ्री नंबरों की जानकारी दी जाएगी।

 

Home / Barabanki / अब महिलाएं भी बेझिझक आएंगी पुलिस थाने, दूर होगा आधी आबादी का डर, अनोखा अभियान छेड़ने वाला प्रदेश का पहला जिला बना बाराबंकी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.