बाराबंकी

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय का कांग्रेस पर करारा वार, कांग्रेस ने गढ़ा भगवा आतंकवाद जैसा शब्द

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि हमें विश्वास है कि फैसला राम मंदिर के पक्ष में ही आएगा…

बाराबंकीApr 17, 2018 / 02:35 pm

नितिन श्रीवास्तव

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय का कांग्रेस पर करारा वार, कांग्रेस ने गढ़ा भगवा आतंकवाद जैसा शब्द

बाराबंकी. डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर के 127 वीं जयन्ती पर आयोजित समरसता भोज कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष राम शंकर कठेरिया शामिल हुए। इस अवसर पर कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि असीमानंद के बरी होने से स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस ने सिर्फ तुष्टीकरण की नीति के चलते हिन्दू और भगवा आतंकवाद जैसे कृत्रिम शब्द गढ़ा था और इसी कारण से वह आज पूरे देश से अपनी पहचान खोती जा रही है।
 

बीजेपी का समरसता भोज

राम मंदिर के मुद्दे पर संघ प्रमुख मोहन भागवत और विश्व हिन्दू परिषद के अध्यक्ष अशोक जी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा ने इसे राष्ट्रीय एकता और श्रद्धा का प्रश्न माना। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निचली अदालत ने राम मंदिर का होना स्वीकार किया है। इसलिए हमें विश्वास है कि फैसला राम मंदिर के पक्ष में ही आएगा। प्रदेश अध्यक्ष और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष सांसद राम शंकर कठेरिया ने कहा कि दलित आंदोलन में हुई हिंसा के समय दलितों को गुमराह किया गया और इसके पीछे सत्ता के भूंखे वह दल थे जो दलितों के द्वारा नकारे जा चुके लोग हैं। यह दोनों भाजपा के वरिष्ठ नेता बाराबंकी के राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान में बने आडिटोरियम में भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत द्वारा बाबा भीमराव अंबेडकर के 127वीं जयन्ती पर आयोजित समरसता भोज और सम्मान समारोह कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
 

दलितों को किया जा रहा गुमराह

दलित आन्दोलन के नाम पर हुई हिंसा पर राम शंकर कठेरिया ने कहा कि दलितों को गुमराह किया गया। और इस हिंसा के पीछे वह दल शामिल थे जो सत्ता के भूंखे थे और दलित समाज ने उनको नकार दिया था, दलित समाज आज भी भाजपा के साथ है।राम शंकर कठेरिया ने कहा कि बाबा साहब ने भी आंदोलन किये थे तब कोई हिंसा नही हुई मगर दलितों के नाम पर अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने वालों ने दलितों को गुमराह किया। यह वही लोग है जो दलितों के द्वारा पूरे देश में नकारे जा चुके है। पूरा दलित समाज आज भी भाजपा के साथ खड़ा है। राम शंकर कठेरिया ने कहा कि हिंसा में प्रभावित दलितों के हितों के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।
 

सरकार दलितों के साथ

कार्यक्रम में आये प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि दलितों में भ्रम पैदा किया गया था जबकि न्यायालय ने आरक्षण खत्म करने की बात नही कही थी। हमारी सरकार ने जो किया ऐसा कम ही देखने को मिलता है पुनर्विचार याचिका के सम्बंध में कि 6 दिनों के अन्दर जिसमें 4 दिन छुट्टी के थे। सरकार ने पुनर्विचार याचिका दाखिल करके यह साबित कर दिया कि वह दलितों के साथ है।
 

दोषी साबित होने के बाद कार्रवाई

बाहरी नेताओं के भाजपा के लिए मुसीबत बनने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि जब जिस दिन से जो भाजपा में आ गया वह भाजपा का हो गया। गुण दोष के आधार पर विचार किया जाएगा। अगर कोई अनुशासनहीनता करेगा तो हम कार्रवाई करने पर कोई हिचक नही दिखाएंगे। कानून व्यवस्था के नाम पर जो कदम उठाना पड़े पार्टी उसके पक्ष में है और उठाएगी। मगर न्याय का तकाजा है कि जब तक आरोप सिद्ध न हो जाए तब तक कार्रवाई की बात गलत है। मगर न्यायालय और जांच की एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर जो जरूरत होगी वह कदम उठाए जाएंगे।
 

कांग्रेस ने गढ़े शब्द

असीमानंद के बरी होने के मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें एक काल्पनिक आरोप में जेल में डाला गया था और दुख का विषय है कि उन्ही कल्पनाओं की उपज के आरोप में वह जेल में रहे मगर न्यायालय ने सही तथ्यों को संज्ञान लेते हुए अपना निर्णय दिया है और हम न्यायालय के इस निर्णय का सम्मान करते है। अब कांग्रेस को यह आत्मचिंतन की आवश्यकता है कि सिर्फ तुष्टीकरण की नीति के चलते काल्पनिक आरोपों के आधार पर हिन्दू आतंकवाद, भगवा आतंकवाद जैसे शब्द गढ़े। इसी वजह से आज कांग्रेस पूरे देश से नकारी जा चुकी है और अपना अस्तित्व तलाश रही है। वहीं साक्षी महाराज द्वारा नाईट क्लब के उद्घाटन किये जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस प्रकरण का संज्ञान लूँगा अभी आपके द्वारा ही यह मामला संज्ञान में आया है।
 

राम मंदिर का होगा निर्माण

राम मंदिर मुद्दे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राम मन्दिर के पक्ष में दो रास्ते पर है। पहला न्यायालय के निर्णय के आधार पर राम मन्दिर का निर्माण हो, दूसरा न्यायालय का जो भो निर्णय आएगा वह उसे स्वीकार होगा मगर उच्च न्यायालय का जो भी निर्णय आया है और जिसके आधार पर सभो पक्ष सर्वोच्च न्यायालय गए है उसमें राम मंदिर को स्वीकार कर लिया गया है। इस आधार पर हमें विस्वास है की न्यायालय का निर्णय हमारे पक्ष में आएगा और राम मंदिर का निर्माण होगा।
 

बीजेपी सांसद ने सभी का किया धन्यवाद

बाराबंकी से भाजपा सांसद श्रीमती प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि बाबा साहब का जन्मदिवस किसी राष्ट्रीय पर्व की तरह पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में आये अतिथियों का जनता का धन्यवाद करती हूं कि वह सभी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

Home / Barabanki / बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय का कांग्रेस पर करारा वार, कांग्रेस ने गढ़ा भगवा आतंकवाद जैसा शब्द

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.