इकलौते लड़के ने खुद को गोली से उड़ाया मामला कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकैतनपुरवा पुरवा का है। जहां के निवासी दारोगा जगन्नाथ सिंह के इकलौते बेटे अभिषेक सिंह ने खुद को कमरे में बंद कर गोली से उड़ा लिया। गोली चलने की आवाज पर आनन-फानन में घर वाले वहीं पहुंचे। अभिषेक को खून से लथपथ तड़पता देखकर सभी के होश उड़ गए। सभी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक दारोगा जगन्नाथ सिंह दूसरी शादी करने वाले थे और इसी बात से पूरा परिवार परेशान था। दरोगा ने अपनी पत्नी को घरखर्च देना भी बंद कर दिया था। पति के इसी व्यवहार के चलते अभिषेक की मां गंभीर रूप से बीमार हो गई और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मां की बीमारी और पिता के रवैये के चलते अभिषेक बीते काफी दिनों से परेशान था और मानसिक अवसाद में चला गया। आपको बता दें कि दारोगा जगन्नाथ सिंह प्रतापगढ़ जिले में जिला जज के यहां तैनात हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई वहीं इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि अभिषेक ने अवैध असलहा से खुद को गोली मारी है। आत्महत्या करने के पीछे का अभिषेक का अवसाद ग्रस्त होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसको ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।