राजभर-ओवैसी के साथ आने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने दिया बड़ा बयान, विरोधियो में मचा हड़कंप
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव जैसे होते थे, वैसे ही होंगे। उसमें कोई बदलाव नहीं होगा।

बाराबंकी. आने वाले पंचायत चुनाव में भाजपा कोई कोरकसर बाकी नहीं छोड़ेगी, यह बात आज सत्ताधारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कही। स्वतंत्रदेव सिंह ने पंचायत चुनाव के साथ-साथ 2022 के विधानसभा चुनाव में बनने वाले नए सम्भावित गठबन्धन पर भी कहा कि ओवैसी-राजभर के गठबंधन से हमारे ऊपर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। हर राजनैतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। ओवैसी भी अपना काम कर रहे हैं। सभी अपना काम करें हम अपना करेंगे। उनके आने से हम पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है।
बाराबंकी पहुंचे स्वतंत्र देव सिंह
बाराबंकी में युवा दिवस के अवसर पर अपने प्रस्तावित कार्यक्रम बतकही को संबोधित करने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव जैसे होते थे, वैसे ही होंगे। उसमें कोई बदलाव नहीं होगा। मगर भारतीय जनता पार्टी इस बार जिला पंचायत सदस्य के चुनाव के लिए अपना पूरा दमखम लगाएगी। इसके लिए रणनीति तैयार है। प्रदेश से लेकर जिला और ब्लॉक तक संयोजकों की नियुक्ति हो चुकी है। मैं और प्रदेश के कई बड़े नेता जिलों में जाकर बैठकें कर चुके है। पूरी रणनीति तैयार है।
भाजपा पर नहीं कोई असर
ओवैसी के साथ ओमप्रकाश राजभर का पूर्वांचल के दौरे पर जाना और उनके आने से बीजेपी पर क्या असर पड़ने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष बोले कि चुनाव लड़ने का अधिकार सभी को है। कोई ऐसे ही बड़ी पार्टी नहीं बन जाती। पहले छोटे चुनाव से शुरुआत होती है और फिर वही पार्टी बड़ी पार्टी का रूप लेती है। ओवैसी अपना काम करेंगे ही। वह किसी के रोकने से थोड़े रुक जाएंगे। मगर सभी राजनैतिक पार्टियां तैयार हो रही हैं, तो हमारी भी तैयारी पूरी है। ओवैसी के चुनाव लड़ने से हमारे ऊपर कोई असर पड़ने वाला नहीं है।
अब पाइए अपने शहर ( Barabanki News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज