scriptउत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां | Uttar Pradesh Top News 27 March 2020 | Patrika News

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

locationबाराबंकीPublished: Mar 27, 2020 12:25:25 pm

आज के अखबारों में छपी 10 बड़ी खबरें, यहां पढ़ें कहां क्या हुआ…

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

उत्तर प्रदेश की अब तक की 10 बड़ी खबरें, जो बनीं अखबारों की सुर्खियां

लखनऊ. शुक्रवार, 27 मार्च, 2020 को राजधानी लखनऊ से प्रकाशित विभिन्न समाचार-पत्रों में यह अहम सुर्खियां छाई हुई हैं।

गरीबों को मुफ्त राशन का ऐलान

कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन और उससे पैदा हुए हालात को देखते हुए सरकार ने गुरुवार को 1.70 लाख करोड़ रुपये का राहत पैकेज घोषित किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पैकेज का ऐलान करते हुए बताया कि गरीबों को तीन माह तक मुफ्त राशन दिया जाएगा। वहीं, सरकारी कर्मचारियों को भी बड़ी राहत देते हुए केंद्र ने ऐलान किया कि ईपीएफ में पूरा योगदान सरकार देगी।
सख्ती: जमाखोरों पर रासुका लगेगा: योगी

मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ ने कहा है कि जमाखोरों व कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर इन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाया जाए। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को अपने आवास पर अधिकारियों के साथ लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेश की 60 हजार ग्राम पंचायतों से संवाद स्थापित कर उन्हें कोरोना के बचाव और इलाज की जानकारी दी जाए, साथ ही ग्राम पंचायतों में इससे जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी प्राप्त करने की व्यवस्था की जाए।
कोरोना: यूपी में पांच और मरीज मिले, संख्या 43 तक पहुंची

गुरुवार को यूपी में कोरोना पाजिटिव के पांच नए मामले सामने आए। तीन केस नोएडा, एक बागपत और एक आगरा में सामने आया है। इन नए मामलों के साथ ही राज्य में अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की तादाद बढ़कर 43 पर पहुंच गई है। इनमें से 14 ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य की जनता से अपील की है कि घरों में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
मंत्रियों को महामारी से निपटने का जिम्मा

लॉकडाउन से प्रभावित लोगों को राहत के लिएआर्थिक पैकेज के साथ ही सरकार ने तमाम केंद्रीय मंत्रियों को भी महामारी से निपटने का जिम्मा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को विभिन्न राज्यों में जिलेवार निगरानी का काम सौंपा है। प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के बीस जिलों की जिम्मेदारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपी है। वहीं, केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडेय और संजीव कुमार बालियान को भी 20-20 जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य के बाकी जिलों में सरकारी प्रयासों पर अमल की नजर रखने का काम कृष्णपाल गुज्जर को दिया गया है।
सुविधा: पराग आज से घर-घर दूध पहुंचाएगा

लॉकडाउन होने के बाद शहरवासियों को आसानी से दूध मिल सके इसकी व्यवस्था पराग प्रबंधन ने शुरू की है। पराग प्रबंधन शुक्रवार से कैंट, सेना की सभी 25 कालोनियों समेत शहर प्रमुख मोहल्लों में अपने वाहनों और ई-रिक्शा से लोगों के दरवाजे तक दूध पहुंचाएगा।
मुसीबत: जमाखोरी से आटा और दाल की कीमतें बढ़ी

लॉकडाउन के दौरान जमाखोर और कालाबाजारियों के हौसले बुलंद हैं। फुटकर बाजार में आटा, दाल, तेल के दामों में तेजी आई है। बाजार के जानकारों का कहना है कि सबसे ज्यादा आटा और दालों को लेकर जमाखोरी की जा रही है। प्रशासन के पास भी इन जमाखोरों और कालाबाजारी की शिकायतें पहुंच रहीं हैं पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।
शहर में 12 कम्युनिटी किचेन

लॉकडाउन में निराश्रित लोगों को भोजन मुहैया कराने के लिए नगर निगम व जिला प्रशासन ने 12 कम्युनिटी किचेन शुरू किए हैं। शहरी क्षेत्र के आठ जोनों में आठ किचेन और चारों तहसील में किचेन शुरू किए हैं। नगर निगम ने हर जोन में दो-दो गाड़ियां उपलब्ध कराई हैं। इस सामुदायिक रसोई से रैन बसेरों और निराश्रित लोगों को भोजन दिया जाएगा।
लॉकडाउन के उल्लंघन पर 11 मुकदमे, 39 वाहन सीज

सम्पूर्ण लॉक डाउन के दूसरे दिन भी कई इलाकों में लोग बेवजह ही घरों से निकले। पुलिस ने पकड़ा तो कई तरह के बहाने बचने की कोशिश की। पुलिस ने पहले उन्हें कोरोना वायरस की भयावहता के बारे में बताया, फिर सबक सिखाने के लिये उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली। गुरुवार को 11 मुकदमे दर्ज हुए। इस सख्ती के दौरान 39 वाहन भी पुलिस ने सीज किये।
लोहिया कर्मियों को चार माह से नहीं मिला वेतन

कोरोना संक्रमण से लड़ाई में लोहिया हॉस्पिटल ब्लॉक के कर्मचारी भले ही 24 घंटे मुस्तैद हैं लेकिन अफसरों की सुस्ती का खामियाजा कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। नियमित कर्मचारियों को चार माह से वेतन नहीं मिला है। इसकी वजह से कर्मचारियों को खासी मुश्किलें झेलनी पड़ रही है। हालात यह है कि खाने-पीने की वस्तुएं जुटाने में खासी अड़चन आ रही है।
चांद दिखा, शबेबारात 9 अप्रैल को

इस्लामी महीने रजब की 30 तारीख गुरुवार को इस्लामी महीने शाबान का चांद नजर आया। मरकजी चांद कमेटी के अध्यक्ष इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली और शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि शबे-बारात 9 अप्रैल को होगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो