scriptअगर दिया होता ध्यान तो बच जाती जान | agar diya hota dyan to | Patrika News

अगर दिया होता ध्यान तो बच जाती जान

locationबारांPublished: Jan 16, 2019 09:46:17 pm

Submitted by:

Ghanshyam

सडक़ दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन वाहन चालक यातायात नियमों की पालना करने को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। हाल ही में हुई अधिकांश दुर्घटनाओं में शराब

baran

तेज रफ्तार व नशे में हो रही अधिकांश दुर्घट

12 माह में 142 जिन्दगियां निगल गई सडक़ें
तेज रफ्तार व नशे में हो रही अधिकांश दुर्घटनाएं
बारां. जिले में आए दिन सडक़ दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, लेकिन वाहन चालक यातायात नियमों की पालना करने को लेकर गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। हाल ही में हुई अधिकांश दुर्घटनाओं में शराब, हेलमेट व तेज रफ्तार मुख्य कारण रहे हैं। पांच दिन पहले अटरू कस्बे के सालपुरा रोड पर एक तेज रफ्तार कार तो पहले से घायल पड़े युवक को कुचलते हुए धड़धड़ाते हुए निकल गई। इससे एक युवक की मौके पर जान चली गई तो उसके साथी युवक का पैर टूट गया। इससे वाहन चालकों की बेपरवाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। जिले में बीते बारह माह के दौरान करीब 142 लोगों की सडक़ दुर्घटनाओं में जान गई। हालांकि मृतकों की संख्या पिछले दो साल की तुलना में कम है, लेकिन यदि इनमें कई मृतकों ने सावधानी बरती होती तो उनकी जान बच जाती।
अन्ता, बारां व किशनगंज में अधिक
जिले में पलायथा के समीप कालीसिंध पुलिया से कस्बाथाना तक के फोरलेन हाई-वे पर कई अवैध शॉर्टकट भी दुर्घटनाओं का सबब बने हुए हैं। इसी हाई-वे पर सबसे अधिक दुर्घटनाएं हो रही हंै। इससे अन्ता, बारां कोतवाली व किशनगंज थाना क्षेत्रों में दुर्घटनाओं में मृत्यु भी अधिक हुई हैं। अन्ता में 31 दुर्घटना में 18 की मृत्यु हुई तथा 47 घायल हुए। कोतवाली थाना क्षेत्र में 79 दुर्घटनाओं में 90 घायल हुए तथा 17 की मौत हुई। किशनगंज में 24 दुर्घटनाओं में 34 घायल व 15 की जान गई है।
डिवाइडर काटकर बना लिए रास्ते
फोरलेन हाइवे पर कई जगह दुर्घटनाओं के रास्ते बने हुए हैं। हाई-वे के आस-पास स्थित गांवों के लोगों ने स्वयं की सुविधा के लिए डिवाइडरों को काटकर शोर्टकट रास्ते बना लिए। इन रास्तों से निकलने के दौरान ही आगे-पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों के यकायक ब्रेक नहीं लग पा रहे है तथा वाहनों की चपेट में आने से दुर्घटनाएं हो रही है। यहां कोआ रोड पर गजनपुरा, बमूलिया गांव, अटरू रोड मेट्रो चौराहा के समीप, बावड़ीखेड़ा के समीप डिवायडर काट कर शोर्टकट रास्ते बनाए हुए है।
फिर भी नहीं पहन रहे सुरक्षा कवच
दो दिन पहले अटरू के सालपुरा रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़न्त हुई। दोनों बाइक सवार पांच लोग रोड पर गिर पड़े। इसमें दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। इसी दौरान छबड़ा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार एक घायल युवक विक्रम कालबेलिया को कुचल गई। सिर में गंभीर चोट लगने से ही उसकी जान गई। हेलमेट लगा होता तो शायद जान नहीं जाती। इसी तरह मांगरोल थाना क्षेत्र में गत 30 दिसम्बर को मांगरोल थाना क्षेत्र के इटावा रोड पर मालबमोरी गांव के समीप दो बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़न्त में बाइक सवार एक युवक की मृत्यु हुई थी। इसमें बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए हुए था।
-सडक़ दुर्घटनाओं व मृतकों की संख्या में वैसे गत वर्षो की अपेक्षा कमी है। फिर भी यातायात नियमों की पालना करने के लिए लोगों को खुद जागरूक होना चाहिए। पुलिस की ओर से इसे गंभीरता से लेकर चालान बनाने व समझाइश की कार्रवाई की जा रही है।
विजय स्वर्णकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
फैक्ट फाइल
वर्ष दुर्घटना घायल मृत्यु
2016 475 793 175
2017 441 577 158
2018 392 504 142

रिपोर्ट – हंसराज शर्मा द्वारा
———————

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो