scriptप्यार से बोलीं, जनता की नब्ज टटोली ,टिकट के दावेदारों ने दिखाया दम, मुख्यमंत्री ने गिनवाए विकास कार्य | chief ministers doura at baran,gourav yatra | Patrika News

प्यार से बोलीं, जनता की नब्ज टटोली ,टिकट के दावेदारों ने दिखाया दम, मुख्यमंत्री ने गिनवाए विकास कार्य

locationबारांPublished: Sep 16, 2018 04:33:56 pm

छीपाबडौद, अटरू व समरानियां में सभाएं कर रोड़ शो किया। यात्रा के दौरान सभाओं में मुख्यमंत्री ने आमजन की नब्ज पर हाथ धरा तथा कई काम कराने की घोषणाएं की।

प्यार से बोलीं, जनता की नब्ज टटोली ,टिकट के दावेदारों ने दिखाया दम, मुख्यमंत्री ने गिनवाए विकास कार्य

chief minister

बारां. गौरव यात्रा के तहत मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने जिले के छीपाबडौद, अटरू व समरानियां में सभाएं कर रोड़ शो किया। यात्रा के दौरान सभाओं में मुख्यमंत्री ने आमजन की नब्ज पर हाथ धरा तथा कई काम कराने की घोषणाएं की। विकास कार्यों की घोषणा के दौरान मुख्यमंत्री ने भाषण में सभाओं में मौजूद लोगों से कार्य की आवश्यकता को लेकर सवाल भी पूछे।
हालांकि इन सभाओं में कई लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे, लेकिन ऐसे लोगों की मुख्यमंत्री से बात नहीं हो सकी। इसका लोगों में मलाल भी रहा।
अटरू. दोपहर करीब तीन बजे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हेलीकॉप्टर से अटरू कृषि उपजमंडी सभा स्थल पहुंची। वरिष्ठ नागरिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमनारायण गालव का भाषण चल रहा था। इसी दौरान मंच पर राजे का स्वागत किया गया। स्वागत के बाद मुख्यमंत्री ने सम्बोधन शुरू किया तो विधानसभा टिकट के दावेदारों के समर्थकों ने शोर शुरू कर दिया। समर्थकों को समझाते हुए उन्होंने पूछा यह सब चटर-पटर चलेगा या काम चाहिए, विकास चाहिए। लोगों ने कहा काम चाहिए तो शांति से सुने यह काम हुए हैं, और यह नए काम होने जा रहे हैं। इसके बाद राजे ने सम्बोधन शुरू किया। सम्बोधन में उन्होंने किसान, युवा, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा, रोजगार, सिंचाई सड़क आदि विषयों पर फोकस किया। कभी अपनापन दिखाया तो कभी क्षेत्र में स्वीकृत, लम्बित विकास कार्यो का हवाला देते हुए पुन: भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।
तख्तियां लेकर पहुंचे, दिलावर को बुलाया
सभा के दौरान विधायक रामपाल मेघवाल ने बोलना शुरू किया तो प्रदीप मेरोठा समर्थकों ने हाथ में तख्तियां दिखाते हुए हूटिंग शुरू कर दी। इस पर संचालन कर रहे भाजपा उपाध्यक्ष बृह्मानन्द शर्मा ने कहा प्रदीपजी के समर्थक बैठ जाए। खुद मेरोठा ने माइक संभालकर लोगों को बैठाया। मदन दिलावर ने सम्बोधन दिया तो भी कुछ ने नारेबाजी की। सीएम के सम्बोधन से पूर्व दिलावर भीड़ में चले गए तो मुख्यमंत्री ने उन्हें आवाज देकर वापस मंच पर बुलाया। कहा मदनजी सब चुप हैं, आप इधर आ जाइए। यह सब नाटकबाजी नहीं। अभी टिकट किसी को नहीं है।
40 लाख को रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा पिछले 50 वर्षो में नहीं हुए उतने काम हुए हैं। दस हजार करोड़ के ऋण माफ किए हैं। इससे करीब 30 लाख किसानों को लाभ मिला है। राजे ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि भाजपा को नहीं चुना तो फिर कौन लोग आएंगे। वे थैलियां लेकर काम करने वाले ही होंगे। कोई बचाने वाला नहीं होगा बारां में। ऐसा ना हो रोड तथा परवन का काम रूक जाए। अफीम के पट्टे मिले, सड़क, पानी, सिंचाई के काम हुए। अब उद्योग लगाना शुरू होगा। रोजगार मिलेगा, बेरोजगार नहीं रहना होगा। पैसों की कमी नहीं है। इच्छा शक्ति की कमी है।

ट्रेंडिंग वीडियो