बारां

बारां में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल

रामद्वारा क्षेत्र मे वारदात के बाद फैली सनसनी, दोनों पक्षों में आपसी लेनदेन को लेकर चल रहा है विवाद, पुलिस ने एक दर्जन से अधिक के खिलाफ दर्ज किया मामला

बारांJan 21, 2022 / 06:23 pm

Ghanshyam

बारां में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल,बारां में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक घायल

बारां. शहर के शाहााबाद दरवाजा क्षेत्र के रामद्वारा के निकट एक दर्जन से अधिक युवकों ने शुक्रवार दोपहर को एक युवक पर गोली दाग दी। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीना व बारां के पुलिस उपाशीक्षक मनोज गुप्ता समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायल से वारदात के बारे में जानकारी ली।
शहर कोतवाली प्रभारी सीआई मांगेलाल यादव ने बताया कि वारदात में घायल महावीर मीणा (२२) निवासी बैंगनी ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर उसका भरत गुर्जर से विवाद चल रहा है। आरोपी भरत ने उसे दोपहर करीब ढाई बजे उसे शाहााबाद दरवाजा क्षेत्र स्थित रामद्वारा के निकट बुलाया। वह उसके साथियों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां भरत व उसके साथियों ने कहासुनी शुरू कर दी तथा बाद में उस पर गोली चला दी। इससे उसके पेट में गोली लगी है। सीआई यादव ने बताया कि घायल महावीर की हालत चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताई है।
भरोसे में लेकर बुलाया
घायल व आरोपी में मकान सामग्री की बकाया राशि को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में बकाया राशि को लकर सहमति नहीं बन रही थी। इसके चलते आरोपी भरत ने उसे भरोसे में लेकर रामद्वारा क्षेत्र में बुलाया था। जहां उसके साथ १०-१५ जने मौजूद थे। जिन्होंने उसे घेर लिया तथा बाद में उस पर गोली दाग दी।
क्षेत्र में मच गई अफरा-तफरी
गोली चलने की वारदात के बाद रामद्वारा क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आसपास के लोग घरों में घुस गए तो आरोपी वाहनों से फरार हो गए। बाद में कुछ लोगों पुलिस को सूचना दी, लेकिन घायल को उसके साथी जिला चिकित्सालय ले आए। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सीआई यादव ने बताया कि आरोपी भरत व उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। गोली किस हथियार से चलाई गई इसके बारे में अभी खुलासा नहीं हुआ है।
-पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। मामला आपसी लेनदेन का है। वारदात में शामिल मुख्य अभियुक्त भरत क अलावा उसके साथियों को भी नामजद किया जा रहा है।
कल्याण मल मीना, पुलिस अधीक्षक बारां
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.