
कोहरा होने के कारण रेलवे स्टेशन पर सुबह 8.08 बजे पहुंचने वाली कोटा-इंदौर इंटरसिटी ट्रेन 8.45 बजे स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
Baran Weather News: छबड़ा शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में गुरुवार को भी घना कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं क्षेत्र में घना कोहरा छाने से वाहन चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान दुपहिया, चौपहिया व बड़े वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर व धीमी गति से आवाजाही करनी पड़ी।
वहीं, कोहरा होने के कारण रेलवे स्टेशन पर सुबह 8.08 बजे पहुंचने वाली कोटा-इंदौर इंटरसिटी ट्रेन 8.45 बजे स्टेशन पर पहुंची। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। यात्री बार-बार ट्रेन का स्टेट्स देखते रहे। साथ ही क्षेत्र में लगातार सर्दी में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। लोग सर्दी से बचने के लिए गर्म कपड़ों व अलाव का सहारा ले रहे हैं। सर्दी का दौर बढऩे के साथ ही लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव दिखने लगा है। घने कोहरे के चलते दृश्यता 15-20 मीटर रही।
घने कोहरे व सर्दी के चलते सुबह-सुबह सैर सपाटे के लिए निकलने वाले लोग भी देर तक दुबके रहे। नए साल के दूसरे दिन गुरुवार को भी जिले के कुछ इलाकों में कोहरा और आसमान में हल्के काले बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर में धूप में तेजी रहने से लोगों को खासी राहत रही। शाम ढलने के साथ ही शीतलहर शुरू हो गई। इससे शाम से रात तक लोग ठिठुरते रहे।
रात का तापमान 8 डिग्री पर पहुंच गया। इससे दृष्यता भी कम रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में 9 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है।
Updated on:
03 Jan 2025 01:06 pm
Published on:
03 Jan 2025 12:45 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
