script

काम का हिसाब देने आई हूं,भाजपा फिर सत्ता में आएगी

locationबारांPublished: Sep 15, 2018 05:35:22 pm

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे खुद भी भगवा रंग की साड़ी पहन सभा स्थलों पर पहुंची। बीमारी के बावजूद आत्मविश्वास से भरी मुख्यंमंत्री ने सभाओं में कांग्रेस पर जमकर प्रहार बोला ।

काम का हिसाब देने आई हूं,भाजपा फिर सत्ता में आएगी

chief

काम का हिसाब देने आई हूं,भाजपा फिर सत्ता में आएगी

बारां.छीपाबडौद.अटरू समरानिया. बारां जिले में शनिवार का दिन भाजपा के नाम रहा। गौरव यात्रा के बारां में पहुंचने के साथ पूरा जिला भाजपा के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे खुद भी भगवा रंग की साड़ी पहन सभा स्थलों पर पहुंची। बीमारी के बावजूद आत्मविश्वास से भरी मुख्यंमंत्री ने सभाओं में कांग्रेस पर जमकर प्रहार बोला । उन्होंने कहा कि मेरा इस इलाके से तीन पीढिय़ों का साथ है। मैं अपने इलाके को काम का हिसाब देने आई हूं। कांग्रेस के राज में बीमारू प्रदेश कहा जाने वाला राजस्थान आज अन्य प्रदेशों के मुकाबले विकास में दूसरे नम्बर पर खड़ा है। सभा में उन्होंने कहा कि आगामी मार्च माह के बाद राज्य में एक भी घर ऐसा नहीं होगा जहां बिजली नहीं होगी। किसानों की बात करते मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते कहा कि कांग्रेस के राज में पेट्रोल-डीजल के भाव हमेशा आसमान छूते रहे हैं। हमने आम आदमी और किसानों की समस्या को देखते हुए पेट्रोल व डीजल पर ४ फीसदी वेट कम कर दिया है। पहली सभा छीपाबडौद में करने के बाद मुख्यमंत्री ने अटरू व समरानियां में भी जनसभा को संबोधित किया। समरानिया से मुख्यमंत्री रोड शो करती हुई देर शाम को बारां शहर में पहुंची।
इससे पहले झालावाड़ के झालरापाटन से हैलीकॉप्टर में सवार होकर मुख्यमंत्री सीधे छीपाबडौद के मंडी ग्राउंड स्थल पर पहुंची। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। सभा स्थल को भी भगवा और हरे रंग के गुब्बारों से सजाया गया था। मुख्यमंत्री ने यहां मंड़ी ग्राउंड स्थित सभा में छबड़ा में कॉलेज और हरणावदा को उप-तहसील बनाने सहित कई स्थानीय योजनाओं को गिनाते हुए खाद्ध सुरक्षा योजना, भामाशाह, अन्नपूर्णा, जननी सुरक्षा जैसी उपलब्धियां बताते कहा कि हमने हर वर्ग का ध्यान रखा है।
देर से आना जल्दी जाना—मुख्यमंत्री तीनों ही सभाओं में दो से ढाई घंटे देरी से पहुंची। छीपाबडौद में उनकी सभा का समय ११ बजे था जब कि वह डेढ़ बजे वहां पहुंची। इसी प्रकार से अटरू में १२ बजे के स्थान पर ढाई बजे पहुंची। समरानिया की सभा में दो बजे के स्थान पर ढाई घंटे देरी से पहुंची।
क्षेत्रवार की घोषणाएं–मुख्यंमंत्री ने विधानसभावार सभी स्थानों पर छोटी-मोटी घोषणाएं भी की। छीपाबडौद में उन्होंंने जहां सहजनपुर में पुल निर्माण कराने, ३३ केवी ग्रिड़ स्टेशन स्थापित करने सहित गुलेली नदी पर एनीकट बनाने सहित पांच घोषणाएं की।
– कतार में बैठने को मारामारी–स्टेज पर मुख्यमंत्री के साथ वाली कतार में बैठने को सभी नेता लालायित रहे। विधान सभा क्षेत्रों के ज्यादातर नेता उनके पीछे की कतार में बैठे। स्थानीय विधायक को जरूर उनकी कतार में स्थान मिला। सांसद दुष्यंत सिंह ओर प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी जरूर उनके साथ बैठे नजर आए।
दूर-दूर से पहुंचे लोग—मुख्यमंत्री की सभा में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने और अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने की विधायकों में होड़ लगी थी। इसी के चलते लम्बे समय से विधायक भीड़ लाने में जुटे थे। लोगों को लाने ले जाने के लिए गाडिय़ां लगाई गई थी। हजारों लोग ढोल बजाते, भाजपा के झंड़े लहराते नाचते गाते सभा स्थलों पर पहुंचे।
करना पड़ा इन्तजार –सभा स्थलों पर लोगों को गर्मी ओर उमस से परेशान होना पड़ा। लोग निर्धारित समय से पहले ही सभा स्थलों पर पहुंच गए थे लेकिन सभा देरी से शुरू होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ा। इस दौरान स्थानीय नेता अपने भाषण करते रहे। समरानिया की सभा से तो एकबारगी लोग वापस लौटने लगे थे। थोड़ी देर बाद हैलीकॉप्टर दिखने के बाद लोग वापस सभा स्थल पर पहुंचे।
काला रंग–गौरव यात्रा में काले रंग का खौफ छाया रहा। सभा स्थल पर लोगों को काली शर्ट-पेंट तक पहन कर आने नहीं दिया। पुलिसकर्मी काले रंग से खौफ खाए हुए थे। जो लोग गलती से काला रंग का कपडा़ पहने कर गए थे उनके कपड़े सभा स्थल के बाहर ही उतरवा लिए गए।

ट्रेंडिंग वीडियो