scriptशहर की सड़कों पर रात को उमड़ी भीड़ ,शहर में सात किमी मार्ग पर डटे रहे लोग | gourav yatra, rajasthan election | Patrika News

शहर की सड़कों पर रात को उमड़ी भीड़ ,शहर में सात किमी मार्ग पर डटे रहे लोग

locationबारांPublished: Sep 16, 2018 05:04:13 pm

करीब 44 किमी दूरी तक रोड शो करते हुए बारां पहुंची मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे का जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

शहर की सड़कों पर रात को उमड़ी भीड़ ,शहर में सात किमी मार्ग पर डटे रहे लोग

gourav

बारां. शाहाबाद उपखंड के समरानियां कस्बे से शनिवार को करीब ५५ किमी दूरी तक रोड शो करते हुए बारां पहुंची मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे का जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। राजे के काफिले को बारां तक की यह दूरी तय करने में साढ़े तीन घंटे लगे।
बारां शहर में शाहाबाद रोड स्थित नियाना तिराहे से स्वागत का सिलसिला शुरू हुआ, जो कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय तक चला। इस मार्ग में उमड़ी भीड़ को देख भाजपा नेताओं के चेहरे खिले रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में महिला पुरुष भी राजे को देखने के लिए काफी देर तक इन्तजार करते रहे। शहर में मुख्यमंत्री राजे कई जगह गौरव रथ से उतर लोगों से रुबरू हुई। रात होने के कारण शहर में वे कई जगह रथ की छत पर नहीं गईं।
अबकी बार, सहरिया सरकार
समरानियां से शुरू हुई गौरव यात्रा केलवाड़ा कस्बे में पहुंची। जहां पहले उनका राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही स्वागत का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन कई नेताओं व कार्यकर्ताओं के जोर देने पर उनका केलवाड़ा कस्बे में होकर गुजरा। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोश से स्वागत किया। केलवाड़ा के निकट पैनावदा गांव में जमा हुए सहरिया समाज के लोगों ने शक्ति प्रदर्शन कर किशनगंज विधानसभा से आदिवासी सहरिया जाति के प्रतिनिधि को क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाने की मांग उठाई। संतोष सहरिया व मुन्नालाल सहरिया के नाम दावेदारों के रूप में लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखते नारा लगाया कि ‘अबकी बार, सहरिया सरकारÓ। यह नारा सुनने के बाद रथ में सवार राजे व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी मंद-मंद मुस्कुराने लगे।
स्वागत और शक्ति प्रदर्शन
बारां में मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा का रथ रात करीब नौ बजे पहुंचा, यहां नियाना तिराहे से सांसद आवास तक करीब सात किलोमीटर की दूरी तय करने में पौने दो घंटे से अधिक का समय लगा। विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदार शक्ति प्रदर्शन करते नजर आए। इस पूरे मार्ग में दर्जनों जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे। कई समाजों की ओर से भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
स्वांगों के साथ थिरके भाजपा कार्यकर्ता
शहर में अम्बेडकर सर्किल, बंक रोड, दीनदयाल पार्क, प्रताप चौक, नगर भवन के सामने व चारमूर्ति चौराहे पर सहरिया स्वांग व लोक कलाकार लोक गीतों पर थिरकते रहे। इनके साथ भाजपा कई कार्यकर्ता भी नृत्य करते दिखे। जगह-जगह देशभक्ति के ताराने भी गूंजे।
शहर के लिए दिए दस करोड़ रुपए
राजे ने प्रताप चौक पर रथ की छत से आमजन को सम्बोधित किया। इस दौरान शहर की पेयजल आपूर्ति लाइन के कालामौखा में बार-बार टूटने की शिकायत की। इस पर राजे ने कहा कि जिला कलक्टर साहब आप कहां हो सुन लो, शहर में विकास कार्यों के लिए १० करोड़ रुपए देने की घोषणा करती हूं, इनसे समस्याएं दूर होनी चाहिए।
भूलना मत ‘फूलÓ
भंवरगढ़. कस्बे में रोड शो के दौरान आयोजित सभा में राजे ने करीब दस मिनट का भाषण दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के कई काम हुए हैं। कई कार्य अब पूरे होने वाले हैं। विकास को गति देने के लिए भाजपा को फिर से सत्ता में लाना होगा। कमल के फूल को मत भूलना।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो