बारां. शहर समेत जिले में शनिवार दोपहर बाद शुरू हुआ बारिश का दौर रात तक जारी रहा। कहीं हल्की तो कहीं तेज बरसात हुई। कुछ क्षेत्रों में नदी, नालों में उफान आ गया। हरनावदाशाहजी क्षेत्र में तेज बरसात से रामसेतु के ऊपर पानी का बहाव होने से आवागमन अवरुद्ध रहा। सुबह 8 से शाम 5 बजे तक जिले में सर्वाधिक 15 मिमी बारिश छीपाबड़ौद उपखंड मुख्यालय पर दर्ज की गई। जबकि बारां में 4, मांगरोल में 3, छबड़ा व अटरू में 9-9 व किशनगंज उपखंड मुख्यालय पर 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जिले में गत 1 जून से 18 सितम्बर शाम 5 बजे तक 1145 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। बारां शहर में बारिश का दौर अपराह्न तीन बजे बाद शुरू हुआ। इससे पूर्व बादलों की आवाजाही से धूप-छांव का दौर चल रहा था। शहर में कुछ देर तेज बारिश होने के बाद रिमझिम फुहारें पड़ती रही। यहां देर रात तक रुक-रुक कर बरसात का दौर जारी रहा।