scriptटीबी की बीमारी के खात्मे के लिए अभियान शुरू | awareness campaign begins for TB disease in bareilly | Patrika News

टीबी की बीमारी के खात्मे के लिए अभियान शुरू

locationबरेलीPublished: Dec 26, 2017 01:57:34 pm

पूरे विश्व में करीब 14 लाख लोगों की मृत्यु हर साल टीबी बीमारी के कारण होती है। जिसमें अकेले 4.8 लाख मरीज भारत के हैं।

बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीबी की बीमारी खत्म करने के लिए एक मजबूत कार्य योजना बनाने की बात ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कही थी। जिससे की देश से 2025 तक क्षय रोग का खात्मा किया जा सके। बरेली में टीबी के खात्मे के लिए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान मंगलवार से शुरू हो गया है। नौ जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम घर घर जाकर टीबी के संभावित मरीजों को रोग के आरम्भ से ही चिन्हित कर उन्हें शीघ्र इलाज देकर उन्हें इस रोग से मुक्त करेगी। जिससे इस गंभीर बीमारी को फैलने से रोका जा सके।
सबसे ज्यादा टीबी के मरीज यूपी में
टीबी एक गम्भीर बीमारी है, जो कि लंबे समय से जन सामान्य के स्वास्थ्य के लिए समस्या बनी हुई है। 21वीं सदी के लिए ये बीमारी एक गंभीर चुनौती है। जिला क्षय रोग अधिकारी सुधीर कुमार गर्ग ने बताया कि अभी भी पूरे विश्व में करीब 14 लाख लोगों की मृत्यु हर साल इसी बीमारी के कारण होती है। जिसमें अकेले 4.8 लाख मरीज भारत के हैं। विश्व के टीबी मरीजों की संख्या का एक चौथाई हिस्सा भारत में है। देश के टीबी मरीजों की संख्या का पांचवा भाग उत्तर प्रदेश में है। वर्ष 2016-17 में सरकारी अस्पतालों में 2,61,907 टीबी के मरीजों का पंजीकरण हुआ, जबकि निजी क्षेत्र में करीब आठ लाख टीबी के मरीज होने की संभावना है। बरेली जिले में हर साल करीब 6 हजार मरीज सरकारी क्षेत्र में पंजीकृत होते हैं।
197 टीमें करेंगी जांच
सीएमओ डॉक्टर विनीत कुमार शुक्ला ने बताया कि टीबी के मरीजों की पहचान के लिए शुरू हुए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान में जिले की कुल जनसंख्या का 10 प्रतिशत 9,94,195 जनसंख्या को आच्छादित किया जाएगा। जिसके अन्तर्गत 95648 घर आएंगे। इस कार्य के लिए 197 टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य रखे गए हैं। इस टीम के सदस्य जिले के चिन्हित हाई रिस्क एरिया में घर घर जाकर संभावित टीबी के मरीजों का बलगम जांच के लिए लेंगे और बलगम को जांच के लिए भेजा जाएगा। बलगम की जांच के लिए 26 केंद्र बनाए गए है। जांच में क्षय रोगी पाए जाने पर उस रोगी का तुरंत इलाज प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक पांच टीम पर एक पर्यवेक्षक की तैनाती भी की गई है।
क्षय रोग के लक्षण
दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी आना।
खांसी के साथ बलगम में खून आना।
शाम को बढ़ने वाला बुखार आना।
वजन का घटना एवं भूख कम लगना।

ट्रेंडिंग वीडियो