कैंट थाने का सिपाही निकला स्मैक तस्कर, नैनीताल एसओजी ने किया गिरफ्तार, सीबीगंज में हुई थी डीलिंग
बरेलीPublished: Sep 22, 2023 04:07:29 pm
बरेली। वर्दी की आड़ में कैंट थाने का सिपाही स्मैक की तस्करी कर रहा था। नैनीताल की एसओजी ने सिपाही को स्मैक खरीदने के बहाने अपने जाल में फांस लिया। सीबीगंज के पास उसे डीलिंग के लिए बुलाया। इसके बाद सिपाही समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को उत्तराखंड पुलिस जेल भेज रही है।
छह लाख में हुआ था एक किलो स्मैक का सौदा नैनीताल की एसओजी ने कैंट थाने के सिपाही रविंद्र के साथ छह लाख रुपये में एक किलो स्मैक का सौदा किया था। सीबीगंज क्षेत्र में एसओजी स्मैक तस्कर बनकर पहुंची। उसने सिपाही को वहीं बुलाया। सिपाही के साथ दो अन्य लोग भी थे। एसओजी की टीम ने स्मैक चेक की। इसके बाद सिपाही को वहीं दबोच लिया। एसएसपी नैनीताल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बरेली के कैंट थाने का सिपाही रविंद्र सिंह, अर्जुन पांडे, मोरपाल शामिल है। उनके पास एक बाइक भी बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्मैक की कीमत एक करोड़ है।