बरेली

अखिलेश पर केशव का तंज, कृष्ण याद आ गए तो राम भी याद आ जाएंगे

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा बसपा और कांग्रेस का कोई वजूद नहीं बचा है।

बरेलीNov 14, 2017 / 03:29 pm

मुकेश कुमार

Deputy Cm Keshav Prasad Maurya

बरेली। भारतीय जनता पार्टी के फायर ब्रांड नेता और प्रदेश सरकार के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ता सम्मलेन के दौरान विरोधी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद अखिलेश यादव श्री कृष्ण भगवान की मूर्ति लगवा रहे हैं। अब उन्हें कृष्ण याद आ गए हैं तो राम भगवान भी याद आ जाएंगे। केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में नगर निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित किया।
सपा, बसपा व कांग्रेस का वजूद खत्म
कार्यकर्ता सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा बसपा और कांग्रेस का कोई वजूद नहीं बचा है। भाजपा का नारा ही विकास है और हम गुंडागर्दी से मुक्त प्रदेश बनाकर विकास करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में भू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है और बड़ी तादाद में अपराधियों को जेल भेजा जा चुका है। जिस भी बदमाश ने पुलिस पर गोली चलाई तो पुलिस ने कड़ा जवाब दिया है। जिसके चलते कई बदमाश दूसरे लोक में चले गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद अब सेना को कार्रवाई के लिए फोन नहीं करना पड़ता है बल्कि सेना को आदेश है कि अगर दुश्मन की तरफ से गोली चले तो आप भी मुंहतोड़ जवाब दो गोलियां मत गिनो।
पंकज सिंह ने की जिताने की अपील
नगर निगम चुनाव के प्रभारी पंकज सिंह ने भी कार्यकर्ता को सम्बोधित किया उन्होंने कहा कि जिस तरह से 2014 में केंद्र में और 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है उसी तरह से अब नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा बड़ी जीत हासिल करेगी। भाजपा बरेली में मेयर के साथ ही ज्यादा से ज्यादा पार्षदों की सीट पर भी कब्जा करेगी।
ये रहे मौजूद
इस कार्यकर्ता सम्मेलन में जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर, महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप विधायक डॉक्टर अरुण कुमार, केसर सिंह, श्यामबिहारी लाल, डीसी वर्मा, बहोरनलाल मौर्य, राजेश मिश्रा पूर्व मेयर सुभाष पटेल, यतिन भाटिया, सह मीडिया प्रभारी मनोज यादव, परतेश पांडे समेत तमाम भाजपा के नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Home / Bareilly / अखिलेश पर केशव का तंज, कृष्ण याद आ गए तो राम भी याद आ जाएंगे

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.