scriptशादी में फोटो वीडियो बनाने के दौरान लड़कियों से छेड़छाड़, विरोध में दुल्हन के भाई को मारी गोली | Patrika News
बरेली

शादी में फोटो वीडियो बनाने के दौरान लड़कियों से छेड़छाड़, विरोध में दुल्हन के भाई को मारी गोली

रविवार को एक शादी समारोह में फोटो वीडियो बनाने के दौरान लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की गई। दुल्हन के भाई ने इसका विरोध किया। जिस पर उसे गोली मार दी।

बरेलीJun 11, 2024 / 11:00 am

Avanish Pandey

गोली लगने से घायल हुए अशोक मौर्य।

बरेली। रविवार को एक शादी समारोह में फोटो वीडियो बनाने के दौरान लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की गई। दुल्हन के भाई ने इसका विरोध किया। जिस पर उसे गोली मार दी। गंभीर घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भमोरा थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जबरन वीडियो-फोटो बनाने की आड़ में कर रहे थे छेड़छाड़
अशोक मौर्य ने बताया कि रविवार को उनकी चचेरी बहन की बारात भमोरा में बदायूं के थाना उझानी के गांव संजरपुर से आई थी। रात में जयमाला कार्यक्रम हो रहा था। इसी दौरान बारात में फोटोग्राफर कुछ युवकों के साथ युवतियों व महिलाओं के जबरन वीडियो-फोटो बना रहे थे। इसकी आड़ में उनसे छेड़छाड़ भी की जा रही थी। महिलाओं ने विरोध किया तो बात बढ़ गई। इसी दौरान दुल्हन के तहेरे भाई अशोक मौर्य वहां पहुंच गए। उन्होंने इसका विरोध किया तो दूल्हे के परिवार के युवक नरेंद्र मौर्य ने गाली-गलौज शुरू कर दिया और उनसे मारपीट करते हुए तमंचा निकालकर गोली चला दी। पेट और हाथ में छर्रे लगने से अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने नरेंद्र को पकड़ने की कोशिश की तो उसने एक और हवाई फायर किया। इस पर महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और पिटाई कर दी। नरेन्द्र के साथ मौजूद अन्य युवक वहां से भाग निकले। परिजनों घायल अशोक को सीएचसी लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना के वजह से कई घंटे रुकी रहीं शादी की रस्में
अशोक को गोली लगने के बाद दुल्हन पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और शादी की रस्में रोक दी गई। माहौल बिगड़ते देख लड़का पक्ष बैकफुट पर आया और शादी की रस्में पूरी कराई। मगर इस घटना के चलते ज्यादातर बाराती रात में ही वहां से भाग निकले। इस मामले में अशोक मौर्य के बाबा नत्थू लाल की तहरीर पर पुलिस ने नरेन्द्र मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।

Hindi News / Bareilly / शादी में फोटो वीडियो बनाने के दौरान लड़कियों से छेड़छाड़, विरोध में दुल्हन के भाई को मारी गोली

ट्रेंडिंग वीडियो