
बरेली। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद और पूर्व सैनिक कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को लाल फाटक स्थित राघव बैंकट हॉल में पूर्व सैनिकों का होलिका मिलन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार शामिल हुए। समारोह में रंग-गुलाल, गीत-संगीत और फूलों की होली के बीच सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर सतीश कुमार रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर होलिका मिलन समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कार्यक्रम का स्वागत किया।
समारोह में लगभग 200 पूर्व सैनिक और करीब 50 पूर्व सैनिक परिवार शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान होली के पारंपरिक गीत गाए गए और फूलों की होली खेलते हुए सभी ने जमकर नृत्य किया। माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया और सभी ने आपसी भाईचारे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।
मुख्य अतिथि कमांडर सतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि होली ऐसा त्योहार है जो पुराने से पुराने मतभेदों को भी खत्म कर देता है। उन्होंने सभी पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे किसी भी संगठन या विचारधारा से जुड़े हों, लेकिन समय आने पर सभी को एक मंच पर एकजुट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही पूर्व सैनिकों की सबसे बड़ी ताकत है और इसी से उनकी समस्याओं का समाधान संभव है।
इस अवसर पर संस्थाओं के संरक्षक आर.एल. पाठक, पूर्व सैनिक कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रदेश मंत्री धनंजय शर्मा, बरेली के महासचिव प्रथमेश गुप्ता, संगठन मंत्री राधेश्याम, उपाध्यक्ष महाराज सिंह, महासचिव वंदन सिंह मौर्या, बाबूलाल और उमेश चंद्र शर्मा समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम में भाग लेकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सैनिक सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष यसवीर सिंह ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और परिवारों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद सामूहिक भोजन के साथ समारोह का समापन किया गया।
Published on:
12 Mar 2026 05:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
