scriptकांग्रेस प्रदेश में सपा- बसपा गठबंधन से दोस्ताना लड़ाई नहीं करेगी, पहली सूची ने दिए संकेत | loksabha election 2019 Congress will not fight friendly against SP-BSP | Patrika News

कांग्रेस प्रदेश में सपा- बसपा गठबंधन से दोस्ताना लड़ाई नहीं करेगी, पहली सूची ने दिए संकेत

locationबरेलीPublished: Mar 08, 2019 03:25:36 pm

Submitted by:

jitendra verma

कांग्रेस ने बदायूं लोकसभा सीट से अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव के खिलाफ सलीम शेरवानी को चुनाव मैदान में उतार कर इसके संकेत दे दिए है।

बरेली। लोकसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश का अहम रोल रहता है। इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा का विजय रथ रोकने के लिए समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने गठबंधन किया है। सपा-बसपा ने अमेठी और रायबरेली सीट पर कांग्रेस के सामने प्रत्याशी न उतारने का फैसला किया है। गठबंधन द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सामने प्रत्याशी न उतारने का फैसला करने के बाद माना जा रहा था कि प्रदेश में गठबन्धन और कांग्रेस के बीच दोस्ताना मुकाबला रहेगा लेकिन कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची से ये साफ़ हो गया है कि कांग्रेस प्रदेश में दोस्ताना लड़ाई के मूड में नहीं है। कांग्रेस ने बदायूं लोकसभा सीट से अखिलेश यादव के भाई धर्मेंद्र यादव के खिलाफ सलीम शेरवानी को चुनाव मैदान में उतार कर इसके संकेत दे दिए है।
dharmendra
पांच बार बदायूं से सांसद रह चुके है सलीम शेरवानी

सलीम शेरवानी कांग्रेस पार्टी के कद्दावर नेता है और वो बदायूं लोकसभा सीट से पांच बार लोकसभा का चुनाव जीत चुके हैं और केंद्र सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। सलीम शेरवानी ने बदायूं पहला चुनाव कांग्रेस के टिकट पर ही लड़ कर जीता था जिसके बाद वो समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और सपा से चार बार चुनाव जीता था। 2009 के चुनाव में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह ने सलीम शेरवानी का टिकट काट कर अपने भतीजे धर्मेंद्र यादव को प्रत्याशी बना दिया और सलीम शेरवानी एक बार फिर कांग्रेस में शामिल हो गए। इस चुनाव में धर्मेंद्र यादव चुनाव जीते तो जरूर लेकिन सलीम शेरवानी की वजह से वो बड़ी जीत हासिल नहीं कर सके।
saleem shervani
11 प्रत्याशियों की सूची जारी
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश के 11 प्रत्याशियों की घोषणा की है। जिसमे रायबरेली से सोनिया गांधी, अमेठी से राहुल गाँधी, धौरहरा से जितिन प्रसाद, बदायूं से सलीम शेरवानी, अकबरपुर राजाराम पाल, सहारनपुर से इमरान मसूद,उन्नाव से अन्नू टंडन, फर्रूखाबाद से सलमान खुर्शीद, जालौन से बृजलाल, फैजाबाद से निर्मल खत्री और कुशीनगर से आरपीएन सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।

ट्रेंडिंग वीडियो