बरेली

40 कुंटल गन्ने को 50 कुंटल बना रहा था चीनी मिल का क्लर्क, फर्जीवाड़ा पकड़ा, सीसीओ ने कराई एफआईआर, जानें पूरा खेल

‌‌बरेली। किसान सहकारी चीनी मिल सेमीखेड़ा में कार्यरत तौल लिपिक कंप्यूटर से छेड़छाड़ करके पर्चियों में वजन बढ़ाकर चीनी मिल को चूना लगा रहा था। इस बात की भनक लगते ही जब अफसरों ने जांच की तो गड़बड़ी पकड़ी गई। मुख्य गन्ना अधिकारी अमित कुमार की ओर से देवरनियां थाने में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
 

बरेलीMar 16, 2024 / 08:05 pm

Avanish Pandey

तौल लिपिक सर्वेश


बैलगाड़ी कांटा टेयर पर लगी थी ड्यूटी
मुख्य गन्ना अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि 13 मार्च को सेमीखेड़ा चीनी मिल गेट पर बैलगाड़ी कांटा टेयर पर सुबह 10 से शाम के छह बजे तक सर्वेश की ड्यूटी थी। उसने अपने पिता के नाम से जारी गन्ने की पर्चियों के वजन बढ़ाने को मिल गेट के कंप्यूटर में छेड़छाड़ कर गन्ने का वजन बढ़ा लिया। उसने सरकारी कार्य में बाधा डालकर चीनी मिल को आर्थिक क्षति पहुंचाई। ऐसी गड़बड़ी उसने करीब 16 गन्ना की ट्रालियों में की।
आउट सोर्सिंग पर कार्यरत है आरोपी तौल लिपिक

मिल‌‌‌ प्रबंधन ने बताया गया कि आरोपी आउट सोर्सिंग पर कार्यरत है। जब उसके खिलाफ गड़बड़ी की शिकायत मिली तब मुख्य गन्ना अधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इसमें गन्ना विकास निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह यादव, आशुतोष मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह और ने छानबीन की तो गड़बड़ी का खुलासा हो गया। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि मुख्य गन्ना अधिकारी अमित कुमार की ओर से सर्वेश कुमार के खिलाफ देवरनियां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। गन्ना विकास निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह यादव, आशुतोष मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह की टीम गठित की गई। जांच में गड़बड़ी पकड़ी गई। गड़बड़ी करने वाले सर्वेश कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया है। – अमित कुमार, मुख्य गन्ना अधिकारी
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.