scriptचौबीस घंटे में ही जैसलमेर लौट आए गहलोत, मंत्रियों-विधायकों से की चर्चा | Gehlot returned to Jaisalmer within 24 hours | Patrika News

चौबीस घंटे में ही जैसलमेर लौट आए गहलोत, मंत्रियों-विधायकों से की चर्चा

locationबाड़मेरPublished: Aug 03, 2020 10:45:36 am

Submitted by:

Ratan Singh Dave

चौबीस घंटे में ही जैसलमेर लौट आए गहलोत, मंत्रियों-विधायकों से की चर्चा
– चांदणा व जोशी भी पहुंचे सीएम के साथ, सूरजेवाला-माकन दिल्ली रवाना

Gehlot returned to Jaisalmer within 24 hours

Gehlot returned to Jaisalmer within 24 hours


– चांदणा व जोशी भी पहुंचे सीएम के साथ, सूरजेवाला-माकन दिल्ली रवाना
जैसलमेर. प्रदेश में चल रहे सियासी संग्राम के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चौबीस घंटे बाद ही यहां बाड़ेबंदी में रखे गए कांग्रेसी विधायकों के बीच पहुंच गए। विशेष विमान से रविवार शाम 5 बजे पहुंचे गहलोत हवाई अड्डे से सीधे बाड़ाबंदी के दूसरे ठिकाने गोरबंद पैलेस पंहुचे और वहां रुके मंत्रियों-विधायकों के साथ सियासी चर्ची की। गोरबंद पैलेस में चार मंत्री व चार विधायक ठहरे हुए हैं। गहलोत के साथ युवा व खेल मामलों के राज्यमंत्री अशोक चांदना व कांग्रेस के मुख्य सचेतक महेश जोशी भी पहली बार जैसलमेर आए हैं। इस बीच, तीन दिन से जैसलमेर में विधायकों के साथ रह रहे कांग्रेस के केंद्रीय नेता रणदीपसिंह सुरजेवाला और अजय माकन रविवार को दिल्ली लौट गए।
गहलोत गुट के 90 से ज्यादा कांग्रेस विधायक तीन दिन से जैसलमेर की पांच सितारा होटल सूर्यागढ़ व गोरबंद पैलेस में हैं। गहलोत शनिवार दोपहर को जयपुर गए थे। वे रविवार को जैसलमेर लौटे आए। हवाई अड्डे पर मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं की। अलबत्ता जयपुर में रविवार को हुई बैठकों, 20 अगस्त से शुरू होने वाली इंदिरा रसोई योजना व देश-प्रदेश में टिड्डी प्रकोप को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी का उल्लेख जरूर किया। गहलोत ने संक्षिप्त बातचीत में कहा कि प्रदेश में एक दो जिलों को छोड़कर सभी जगह टिड्डी पहुंच चुकी है। फसलें बर्बाद हो रही है। पूर्व में भी वीसी के दौरान प्रधानमंत्री को इससे अवगत करवाया गया है। उन्हें एक बार फिर इस मुद्दे पर मदद के लिए पत्र लिखा गया है।
बीच रास्ते रुके मंत्रियों-विधायकों से मिलने
गहलोत एयरपोर्ट से सीधे गोरबंद पैलेस होटल पहुंच कर वहां रुके मंत्रियों बीडी कल्ला, प्रमोद जैन भाया, सुखराम विश्नोई, भंवरसिंह भाटी व चार विधायकों से मिले। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री करीब दो घंटे वहीं रहे। इसके बाद सूर्यागढ़ होटल पहुंचे और वहां रखे गए अधिकांश विधायकों-मंत्रियों से चर्चा की। इस बीच, सूर्यागढ़ पैलेस से रविवार दोपहर कांग्रेस नेता सुरजेवाला व माकन दिल्ली रवाना हुए हैं। उनका एक दो दिन में वापस लौटने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।
आज बाड़ेबंदी में रक्षा बंधन
ईद उल अजहा के बाद सोमवार को रक्षा बंधन का त्योहार भी विधायक बाड़ेबंदी में ही मनाएंगे। यहां रह रही अधिकांश महिला विधायक वीडियोकॉल के जरिए भाइयों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देंगी। इस बीच, विधायकों को सोमवार को तनोट व पास ही स्थित बॉर्डर के इलाकों पर भी ले जाया जा सकता है, ताकि महिला विधायक वहां सीमा प्रहरियों को राखी बांध सके, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की जा रही। एक नेता ने नाम न छापने की शर्त पर इतना ही बताया कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री ही करेंगे। कुछ विधायकों के लिए बहनों ने राखियां भेजी हैं। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ये राखियां विधायकों तक पहुंचाई।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो