scriptथार में सितम्बर की बरसात दे रही सुकून, अब मानसून दिखा रहा मेहरबानी | monsoon 2021 | Patrika News

थार में सितम्बर की बरसात दे रही सुकून, अब मानसून दिखा रहा मेहरबानी

locationबाड़मेरPublished: Sep 13, 2021 08:59:34 pm

Submitted by:

Mahendra Trivedi

-सावन पूरा सूखा बीता, अब जोरदार बरस रहे मेघ-पिछले 12 दिनों में बरस चुका जिले में 65 एमएम पानी

थार में सितम्बर की बरसात दे रही सुकून, अब मानसून दिखा रहा मेहरबानी

थार में सितम्बर की बरसात दे रही सुकून, अब मानसून दिखा रहा मेहरबानी

बाड़मेर. थार में मानसून अब मेहरबान हो रहा है। हालांकि फसलों को नुकसान हो चुका है। अब कोई विशेष फायदा नहीं होगा। लेकिन बरसात से तालाबों में पानी आएगा और कुएं रिचार्ज जरूर होंगे। मानसून की सीजन में अब तक सितम्बर के 12 दिनों में जिले में अच्छी बरसात हुई है। इन दिनों में करीब 65 एमएम बारिश जिले में हुई है। जो 31 अगस्त तक केवल 100.87 एमएम ही हुई थी। मानसून की सीजन में सिवाना में अब जाकर सितम्बर महीने में झरने बहे हैं।
जिले में सूखा बीता सावन फसलों को भी सूखा गया। खरीफ की बुवाई पर बरसात नहीं होने का बहुत बड़ा असर पड़ा है। अब भादो में मेघ जमकर बरसे हैं। सितम्बर के 6 दिनों में जिले में कुल 23.67 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद दूसरे सप्ताह में भी बरसात का सिलसिला रुका नहीं और जारी है।
औसत बरसात से अधिक तो हो चुकी
सितम्बर में पूरे सीजन की औसत बरसात 38.30 एमएम मानी जाती है। इससे पहले ही जुलाई-अगस्त में अच्छी बरसात होती है। लेकिन इस बार दोनों महीनों में बरसात ठीक से नहीं हुई और अब सितम्बर में अच्छी बरसात हो रही है। जिले में सितम्बर के पूरे औसत से करीब 27 एमएम पानी आसमान से ज्यादा गिर चुका है।
कुए होंगे रिचार्ज, साल भर मिलेगा पानी
जिले के करीब-करीब सभी कस्बों और गांवों में सितम्बर महीने में अच्छी बरसात से कुएं रिचार्ज हों जाएंगे। वहीं टांकों में भी पानी आया है। ऐसे में साल भर मीठा पानी गांवों में घरों में ही मिल जाएगा। वहीं कुओं का जलस्तर बढऩे से पानी का संकट नहीं होने की उम्मीद जताई जा रही है। तालाबों और नाडियों में भी पानी की आवक हुई है, जो करीब-करीब सूख चुके थे।
सिवाना में सितम्बर में बहे झरने
मानसून की सीजन में सिवाना में अब जाकर सितम्बर महीने में झरने बहे हैं। जबकि सावन महीने में ही यहां की पहाडिय़ों पर ऐसे दृश्य बनते रहे हैं। लेकिन इस बार तो पूरा सावन ही सूखा बीत गया था। अब भादो में यहां पर मन को सुकून देने वाले झरनों के दृश्य देखने के लिए लोग आ रहे हैं।
लगातार बरस रहे हैं बादल
मौसम विभाग ने मानसून का आगमन बाड़मेर होते हुए बताया था। यहां पर कई दिनों तक अटका रहा, लेकिन बरसा नहीं। अब सितम्बर महीने में यह लग रहा है कि मानसून यहीं है। पिछले 10-11 दिनों से लगातार जिले में अच्छी बरसात के समाचार मिले हैं। बाड़मेर शहर में भी पिछले 5 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। दोपहर बाद बरसात का यह सिलसिला बन हुआ है।
संभाग में कहां कितनी बरसात (एमएम)
जिला बरसात
जोधपुर 162.96
बाड़मेर 123.67
जैसलमेर 162.17
पाली 258.14
जालोर 181.03
सिरोही 300.17
(बरसात के आंकड़े 1 जून से 7 सितम्बर तक )
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो