scriptछह साल से कागजों में दफन एकल खिड़की शुरू करने का वादा! जानिए पूरी खबर | No single window in city council | Patrika News

छह साल से कागजों में दफन एकल खिड़की शुरू करने का वादा! जानिए पूरी खबर

locationबाड़मेरPublished: Jul 16, 2021 07:11:30 pm

– गत कांग्रेसनीत बोर्ड बैठक में हुआ था निर्णय, एकल खिड़की नहीं होने से आमजन परेशान

barmer nagar parishd news

barmer nagar parishd news

बाड़मेर.
नगर परिषद बाड़मेर में आमजन के कार्य को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था रामभरोसे चल रही है। यहां नगर परिषद में बहुचर्चित फर्जी पट्टा प्रकरण उजागर होने के बाद कई पत्रावलियां गायब होने के बाद आमजन को राहत देने के लिए करीब छह साल पहले गत कांग्रेसनीत बोर्ड की बैठक में एकल खिड़की शुरू करने का निर्णय लिया गया, अब बोर्ड का कार्यकाल पूर्ण व नए बोर्ड के करीब दो साल बीतने के बावजूद एकल खिड़की शुरू करने का दावा कागजों से बाहर नहीं आया है। नगर परिषद में एकल खिड़की नहीं होने से यहां निजी कार्य व समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सामान्य कार्य के लिए चक्कर काटने पड़ रहे है। जबकि प्रदेश की कई नगर निकायों में एकल खिड़की का संचालन किया जा रहा है।

यों होना था खिड़की का संचालन
नगर परिषद के गत बोर्ड बैठक में निर्णय किया गया था कि नगर परिषद के मुख्य कक्ष पर एकल खिड़की शुरू की जाएगी। यहां एक वरिष्ठ बाबू सहित अन्य कर्मचारी बैठेंगे। यहां पहुंचने वाले लोगों का काम एक स्थान पर होना था। एकल खिड़की पर पत्रावली जमा होने के बाद संबंधित को इसकी प्राप्ति रसीद देने की बात कही गई। वहां से संबंधित शाखा में पत्रावली पहुंच जाएगी। लेकिन यह कार्ययोजना कागजों में दफन हो गई।

यों मिलती सहूलियत
– एक खिड़की पर परिषद की किसी भी शाखा से जुड़ा काम करवाने के लिए आवेदन किया जाता। जिसमें रिकॉर्ड शाखा, डीओसी, निर्माण, नगरीय विकास, राजस्व, भवन निर्माण इजाजत, हस्तांतरण, पुनर्गठन, पट्टा, भूमि परिवर्तन, कच्ची बस्ती सहित सभी शाखाओं को एकल खिड़की से जोड़ा जाता। उसके बाद आमजन को एक-दूसरे के पास चक्कर नहीं काटने पड़ते।
– एक खिड़की के माध्यम से मिलने वाली शिकायत व पत्रावली का रिकॉर्ड ऑनलाइन होना था। साथ ही पत्रावली से सम्बधित रिकॉर्ड परिवादी के मोबाई पर मैसेज के जरिए जानकारी मिलती। इसके साथ ही सम्पूर्ण रिकॉर्ड ऑनलाइन हो जाता। उसके बाद फाईल गुम नहीं होती।

– जल्द शुरू करेंगे
एकल खिड़की शुरू करने का निर्णय गत बोर्ड बैठक में हुआ था, लेकिन यहां शुरू नहीं हुई है। अब बोर्ड की अगली बैठक में सर्वसमिति से निर्णय लेकर एकल खिड़की को शुरू किया जाएगा, इससे नगर परिषद पहुंचने वाले शहरवासियों को राहत मिलेगी। सम्पूर्ण कार्य एक जगह होगा। इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। – सुरतानसिंह, उप सभापति, नगर परिषद, बाड़मेर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो